रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एएचटीयू ऊधम सिंह नगर की टीम ने गाबा चौराहे पर स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए 2 नाबालिग सहित 5 युवतियों का रेस्क्यू करते हुए 2 महिलाओं सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त अभियुक्त मिजोरम की युवतियों को अच्छे काम का लालच देकर यहाँ लाते थे और फिर डरा-धमका कर उनसे जबरन देह व्यापार कराते थे।
आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में जनपद की ’एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने रुद्रपुर के गाबा चौक स्थित ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर छापेमारी कर देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश कर दिया।
दरअसल, टीम को सूचना मिली थी कि गाबा चौक स्थित उक्त स्पा सेंटर में बाहरी राज्यों की लड़कियों को लाकर अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। सूचना की तस्दीक करते हुए निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी (प्रभारी AHTU) के नेतृत्व में टीम ने स्पा सेंटर पर औचक छापेमारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 5 मोबाइल फोन, 1 स्कैनर, रजिस्टर (रिसेप्शन) और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1. लालनुनसियामी उर्फ किकी (संचालिका) निवासी कोलासिब, मिजोरम।
2. मौ. शेहरियार, निवासी बरेली (संचालिका का पति)।
3. एच लालछनहिमा, निवासी मिजोरम (हाउस कीपिंग)।
4. दीपक सिंह, निवासी रुद्रपुर (रिसेप्शनिस्ट)।
5. संजय श्रीवास्तव, निवासी पीलीभीत/रुद्रपुर (ग्राहक)।
6. लालरमजावी उर्फ निकी पुत्री आर लालरिंनजुआला निवासी डिअकुआन कोलासिब, पुलिस स्टेशन कोलासिब जिला कोलासिब मिजोरम।
छापेमारी के दौरान टीम ने 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जिनमें से 2 नाबालिग हैं। सभी युवतियां मिजोरम राज्य की रहने वाली हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मिजोरम से लड़कियों को काम का लालच देकर लाते थे और बाद में उन्हें डरा-धमका कर ग्राहकों के साथ अनैतिक कार्य करने के लिए मजबूर करते थे।
मामले में मिजोरम के ‘ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन, आइजोल’ में पूर्व से ही धारा 61(2)(a)/127(2)/143(3) बीएनएस एवं अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत है। मिजोरम पुलिस के निरीक्षक दीपक पाठक के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके अतिरिक्त कोतवाली रुद्रपुर में धारा 143 (5)भारतीय न्याय संहिता व धारा 3/4/5/6 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 और 16/17 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी (प्रभारी AHTU), एसआई रीता, एएसआई संगीता चन्द, कां. ममता मेहरा, सीमा, कृपाल सिंह, सूरज धामी, विरेन्द्र पाण्डे तथा राजेन्द्र कुमार शामिल थे।



