राजनीतिक भूचाल : आंध्र प्रदेश के सारे मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

0
1453

अमरावती (महानाद): 2024 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले आंध्र प्रदेश में राजनीतिक भूचाल आ गया है। राज्य के सभी मंत्रियों ने आज एक साथ इस्तीफा दे दिया। सभी 24 मंत्रियों ने मुख्यमंत्री जगन रेड्डी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

बता दें कि मुख्यमंत्री जगन मोहन चुनावों से पहले पूरी कैबिनेट बदलने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रिमंडल में केवल एक या दो पुराने चेहरों को ही जगह मिलेगी।

Advertisement

हालांकि यह बदलाव पहले से ही तय था। क्योंकि वर्ष 2019 के चुनाव में भारी बहुमत से मिली जीत के बाद जगन रेड्डी ने ऐलान किया था कि वे अपने कार्यकाल के आधे समय बाद फिर से नई टीम का चुनाव करेंगे। मंत्रिमंडल में यह फेरबदल दिसंबर 2021 में ही होना था, लेकिन कोरोना के कारण इसे टालना पड़ा।

मुख्यमंत्री जगन रेड्डी ने बुधवार शाम राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मुलाकात कर मंत्रिमंडल में होने वाले बदलाव की जानकारी दे दी है। जल्द ही वे राज्यपाल को नए मंत्रियों की लिस्ट सौपेंगे। सूत्रों का कहना है कि 11 अप्रैल को नई कैबिनेट का गठन किया जायेगा।

बता दें कि 2 घंटे तक चली बैठक के बाद सभी मंत्रियों के अपने इस्तीफे दे दिए हैं। मंत्रियों ने बताया कि उन्हें पहले ही बता दिया गया था कि उनका मंत्री पद 2.5 साल के लिए ही रहेगा। अब 26 नए जिले बनने के बाद हर जिले में से एक मंत्री को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। केबिनेट में हर जाति, क्षेत्र, धर्म के महिला-पुरुष को जगह दी जाएगी।

आपको बता दें कि जून 2019 में जगन मोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद ऐसा ही संतुलित कैबिनेट बनाया था। जगन मोहन ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, कापू और मुस्लिम समुदाय से कुल 5 डिप्टी सीएम चुने थे। कैबिनेट में तीन महिलाएं शामिल की गई थीं। इनमें गृह मंत्री एम सुचरिता दलित समुदाय से थीं।

वहीं, अपने इस्तीफे के बाद एक मंत्री ने कहा कि मंत्रियों को सरकार से हटाए जाने का मतलब यह नहीं है कि उन्होंने खराब प्रदर्शन किया है। मंत्रियों को पता है कि उनमें से ज्यादातर को नए कैबिनेट में जगह नहीं मिलेगी। अब उन्हें पार्टी की भूमिका दी जायेगी। मंत्री के तौर पर उन्होंने जो तालमेल विकसित किया है, उसका इस्तेमाल वे जिलों के बीच कोऑर्डिनेशन करने के लिए करेंगे।