spot_img
spot_img
Thursday, February 26, 2026
spot_img

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की पुत्री रितु खंडूरी बनी उत्तराखंड की पहली विधानसभा अध्यक्ष

देहरादून (महानाद) : शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की पुत्री एवं कोटद्वार से भाजपा विधायक रितु भूषण खंडूरी उत्तराखंड की पांचवीं तथा पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बन गई। वे निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। वहीं प्रेमचंद्र अग्रवाल को संसदीय कार्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमचंद्र अग्रवाल को अधिकृत किया है। विधायी विभाग जल्द ही इसका आदेश जारी करेगा।

वहीं, शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक विधानसभा सचिव को किसी दल या सदस्य ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए कोई नामांकन नहीं किया। शनिवार को निर्वाचन की प्रक्रिया विधानसभा में सुबह 11 बजे से सभामंडप में शुरू हुई। इस अवसर पर विधानसभा के सभी सदस्य मौजूद रहे। चुनाव कराने तक प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका में रहे। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने भगत को निर्वाचन अवधि तक के लिए अध्यक्ष नियुक्त किया है। कार्यसूची के अनुसार बंशीधर भगत ने रितु खंडूरी को निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।

इसके बाद उनका उद्बोधन हुआ और फिर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितु खंडूरी ने विधानसभा अध्यक्ष का आसन ग्रहण किया। प्रेमचंद अग्रवाल, भरत सिंह चौधरी, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, उमेश शर्मा काऊ, कैलाश चंद्र गहतोड़ी, खजान दास, सरिता आर्य, दुर्गेश्वर लाल, चंदन राम दास, प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, मुन्ना सिंह चौहान, महेश जीना, बिशन सिंह व विनोद कंडारी विधानसभा अध्यक्ष पद पर रितु खंडूरी के प्रस्तावक बने।

रेखा आर्या, अनिल नौटियाल, शैला रानी रावत, सुरेश सिंह चौहान, सुबोध उनियाल, शिव अरोरा, दीवान सिंह बिष्ट, रेनू बिष्ट, सुरेश गढ़िया, बृजभूषण गैरोला, राम सिंह कैड़ा, फकीर राम, मोहन सिंह, शक्ति लाल शाह, सौरभ बहुगुणा और भूपाल राम टम्टा समर्थ सदस्य हैं।

बता दें कि रितु खंडूरी प्रदेश की छठी और पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बनीं हैं। जबकि निर्वाचित विधानसभा की वह पांचवीं स्पीकर हैं। अंतरिम सरकार में पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश पंत थे। निर्वाचित सरकार में पहले विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य रहे।

उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है और यह मातृशक्ति का बहुत बड़ा योगदान है। मातृशक्ति के रूप में हमें पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष मिली है। रितु खंडूरी के नेतृत्व में हमारी विधानसभा प्रगति के नए इतिहास रचेगी। मैं उनको हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles