सुशासन और विकास है यूपी की पहचान : योगी आदित्यनाथ

0
365

लखनऊ (महानाद) : यूपी में भाजपा सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर लोकभवन में पत्रकार वार्ता के दौरान अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड प्रदेश व देश के सामने रखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा के साढ़े चार साल के शासन के बाद अब सुशासन और विकास यूपी की पहचान है। प्रदेश में अब तक साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरी दी गई है। सरकार के किए गए सुधार व विकास कार्यों का ही यह असर है कि आज प्रदेश निवेश के लिए पहले स्थान पर हैं। पहले उद्योगपति यहां आने से डरते थे पर अब वह यहां पर निवेश करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं में से 44 योजनाओं में यूपी पहले स्थान पर है। अभी तक 1 करोड़ 56 लाख लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए गए हैं। तीन करोड़ श्रमिकों को दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दी गई है। प्रदेश के छह करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है।

Advertisement

योगी ने कहा कि यूपी के 40 लाख गरीबों को राशन कार्ड दिया गया है। किसानों के लिए कई सिंचाई योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू किया गया है। गन्ना किसानों को सही भुगतान किया गया है। अभी तक प्रदेश के एक लाख 43 हजार किसानों को गन्ने का भुगतान किया गया है।

योगी ने कहा कि यूपी में पहला इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया। जिससे प्रदेश के बारे में उद्योगपतियों की सोच बदली है। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इसके पहले की सरकारों के मुख्यमंत्री अयोध्या नहीं जाते थे। डरते थे कि उन पर सांप्रदायिकता का ठप्पा लग जाएगा पर अब अयोध्या में प्रतिवर्ष भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा में होली मनाई जाती है। इस सरकार में प्रदेश की विरासत को दुनिया के सामने रखने का प्रयास किया गया है। लोगों को रोजगार देने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की योजना पर काम किया जा रहा है। यूपी में अब कानून का राज है। प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। पहले गुंडों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था और अब अपराधियों की संपत्ति जब्त की जा रही है।

योगी ने कहा कि पहले ट्रांसफर व पोस्टिंग में खूब लेन-देन होता था पर अब ऐसा बिल्कुल नहीं होता है। पिछले साढ़े चार साल में साफ-सुथरे ढंग से साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरियां दी गईं हैं। ईज आफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश 14वें से दूसरे स्थान पर आया है। प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। यूपी एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित हो रहा है। पहले ताश के पत्तों की तरह नौकरशाही फेंट दी जाती थी पर अब प्रशासन में स्थिरता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here