हल्द्वानी (महानाद) : पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में अमन ठाकुर की हुई सनसनीखेज हत्या का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पा से आला ए कत्ल दुपट्टे को बरामद कर लिया। आरोप ीको मृतक के साथ अपनी बीबी के अवैध संबंधों का शक था।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दिनांक 16.09.2026 को स्थानीय पार्षद जवाहर नगर द्वारा कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी गई कि जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में पाया गया। स्थानीय पूछताछ पर मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29 वर्ष) पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उ.प्र.) के रूप में हुई, जो पिछले लगभग 4-5 वर्षों से उक्त घर में रह रहा था।
मौके पर नैनीताल पुलिस की फॉरेन्सिक टीम ने पाया कि मृतक के गले पर यू-आकार का निशान पाए जाने पर प्रथम दृष्टया मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हुई। फॉरेन्सिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा शव को पोस्टमार्टम/अग्रिम कार्यवाही हेतु डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।
मृतक के परिजनों के बारे में जानकारी न मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा न्यायहित में घटना के सम्बन्ध में कोतवाली बनभूलपुरा पर धारा 103(1) बीएनएस बनाम निक्की उर्फ नाटी पंजीकृत कर मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल द्वारा ग्रहण की गई।
उक्त सनसनीखेज हत्या की घटना का शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसीद्वारा सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। उक्त निर्देश के अनुक्रम में एसपी सिटी मनोज कत्याल, एवं एएसपी/सीओ अमित कुमारके पर्यवेक्षण एवं कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, सुरागरसी-पतारसी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त निक्की उर्फ नाटी को दिनांक 17.09.2026 को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे, गौला नदी किनारे, हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला ए कत्ल दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेन्ट हाउस, जवाहर नगर, बनभूलपुरा से बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तः- निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी निवासी वार्ड नं0 14, जवाहर नगर, कोतवाली बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल, उम्र-32 वर्ष।
पूछताछ के दौरान मृतक के संबंध में प्राप्त तथ्यों एवं परिजनों द्वारा दी गई जानकारी से प्रकाश में आया कि अरोपी निक्की उर्फ नाटी, मृतक अमन को पसंद नहीं करता था तथा अपनी पत्नी से अमन के संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर वह आए दिन पत्नी एवं अमन से विवाद करता था। दिनांक 15.09.2026 को अभियुक्त द्वारा अपनी साली को फोन पर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
पुलिस टीम में कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल, एसएसआई गगनदीप सिंह, एसआई जगवीर सिंह, मनोज यादव, कां. मौ. यासीन, लक्ष्मण राम, मेहबूब अली, सुनील कुमार तथा दिलशाद अहमद शामिल थे।



