रुद्रपुर: पत्नी से मारपीट का आरोपी पुलिस से बचने के लिए भाग रहा था विदेश, दिल्ली एयरपोर्ट से गया पकड़ा

0
497

रुद्रपुर (महानाद) : पुलिस कार्यवाही से बचने हेतु विदेश (कुवैत) भाग रहे पत्नी से मारपीट के आरोपी को लुकआउट नोटिस जारी कर उधम सिंह नगर पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि विगत 24 फरवरी 2022 को थाना ट्रांजिट कैंप में कुलदीप कौर पत्नी हरविंदर सिंह निवासी चंद्रा एनक्लेव, फेस-2, ट्रांजिट कैंप द्वारा अपने पति हरविंदर सिंह पुत्र अमीर सिंह निवासी राजपुर लतीफपुर थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश द्वारा मारपीट किए जाने व दहेज की मांग को लेकर तथा वर्ष 2015 में शादी होने के उपरांत उसे कोई खर्चा न दिए जाना आदि के आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।

Advertisement

महिला उत्पीड़न का मामला होने के कारण उक्त प्रार्थना पत्र पर महिला हेल्पलाइन द्वारा काउंसलिंग हेतु दोनों को दिनांक 5 मार्च 2022 को बुलाया गया। जिसमें पति के न आने के कारण अग्रिम तिथि 15 मार्च 2022 रखी गई। जिसमें भी उसका पति नहीं आया। इसके उपरांत अग्रिम तिथि 29 मार्च 2022 को दी गई जिसमें महिला द्वारा बताया गया कि उसका पति पुलिस कार्यवाही से बचने हेतु विदेश भागने की फिराक में है। जिस पर एसएसपी उधम सिंह नगर डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा त्वरित इस प्रकरण का संज्ञान लेते हुए इसका लुक आउट सर्कुलर दिनांक 1 अप्रैल 2022 को जारी किया। जिसके आधार पर दिनांक 4 अप्रैल 2022 को इमीग्रेशन, नई दिल्ली द्वारा हरविंदर सिंह उपरोक्त को विदेश भागने के दौरान उक्त लुकआउट नोटिस के आधार पर रोक कर हमें सूचित किया गया।

मामले में तत्काल टीम गठित कर उसे दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट से हिरासत में लाया गया। इसके विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा अपराध संख्या 120 धारा 323/504/498 ए व दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। उक्त व्यक्ति कुवैत पब्लिक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्य करता था। जो आईजीआई एयरपोर्ट से पुनः विदेश जाने की फिराक में था।

एसएसपी ने बताया कि वर्ष 2015 में शादी के उपरांत हरविंदर सिंह व इसकी पत्नी के मध्य घरेलू विवाद बने रहे थे। जिसमें वर्ष 2019 से 2022 तक यह विदेश में ही कार्य करता था तथा यदा-कदा अपने घर सहारनपुर आता था। ससुराल वालों द्वारा इसकी पत्नी को उसके मायके ट्रांजिट कैंप में छोड़ दिया गया था। घरेलू हिंसा का प्रकरण होने के कारण तथा महिला हेल्पलाइन की काउंसलिंग में सूचित करने के उपरांत भी न आने तथा चुपचाप विदेश भागने के कारण इसे गिरफ्तार किया गया।