विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : पुलिस ने शिक्षक गगन सिंह कोहली पर गोली चलाने वाले छात्र के पिता को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किये हैं।
एसआई चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि पिटाई से क्षुब्ध होकर शिक्षक पर गोली चलाने वाले छात्र ने पूछताछ के दौरान बताया कि जिस देशी तमंचे से उसने शिक्षक पर गोली चलाई है वह तमंचा वह अपने घर से लेकर आया था। उक्त सम्बन्ध में दिनांक 21.8.2025 को वह छात्र को लेकर उसके पिता जगजीत सिंह उर्फ रिंकू से पूछताछ करने उसके घर पहुंचे तो पता चला कि वह घर में ताला लगाकर अपने परिवार सहित फरार हो गया है।
एसआई बिष्ट ने बताया कि इसके बाद वे जगजीत सिंह की खोजबीन कर दिनांक 21-8-2025 को उसे उसके साले जोगेन्द्रपाल सिंह भुल्लर के घर ग्राम भरतपुर, थाना कुण्डा से पकड़कर पूछताछ हेतु चौकी कुण्डेश्वरी लेकर आये। पूछताछ में जगजीत सिंह ने बताया कि जिस तमन्चे से उसके बेटे ने अपने टीचर पर गोली चलाई थी, वह तमन्चा उसने काफी वर्षों से अपने पास रखा था। उक्त तमन्चे के साथ उसके पास 4 कारतूस भी थे, जिनमें से 1 कारतूस व तमन्चे को उसका बेटा उसे बिना बताये घर से लेकर चला गया था। बचे हुए 3 कारतूस उसने अपने घर के बाहर रोड किनारे एक ईंट के नीचे छुपाकर रख दिये थे।
जिसके बाद एसआई चन्दन सिंह बिष्ट, एसआई सौरभ भारती, कां. जगदीश पपनै व मुकेश कुमार के साथ जगजीत सिंह को लकर उसके घर ग्राम गुलजारपुर, कुण्डेश्वरी, काशीपुर पहुंचे और और उसके घर के बाहर मलबे में छिपाये हुए 315 बोर के 3 कारतूस बरामद कर लिये। जगजीत सिंह के खिलाफ पूर्व में भी संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामदगी तथा सबूत छिपाने के आधार पर जगजीत सिंह उर्फ रिंकू के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।



