spot_img
spot_img
Friday, February 20, 2026
spot_img

काशीपुर में ‘कांग्रेस-भाजपा का विकास खोजो यात्रा’ निकालेगी सपा : बलजिंदर सिंह

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : प्रिया मॉल स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर सपा के वरिष्ठ नेता सरदार बलजिंदर सिंह ने कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता काशीपुर में कांग्रेस व भाजपा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों कि विकास खोजो यात्रा निकालेंगे।

सरदार बलजिंदर सिंह ने कहा कि जहां काशीपुर के अंदर लगातार भाजपा के विधायक रहने पर काशीपुर विकास की दृष्टि से बहुत पिछड़ गया, वहीं कांग्रेस की सरकार रहने के बावजूद भी काशीपुर का कोई विकास कार्य संपूर्ण नहीं हो पाया। यहां तक कि काशीपुर जिले की वर्षों पुरानी मांग को भी कांग्रेस की सरकार में रहते हुए अनदेखा किया गया।

बलजिंदर सिंह ने कहा कि भाजपा राज में सिर्फ काशीपुर में कमीशन खोरों का विकास हुआ। विकास के नाम पर हर समय अपनी माला जपने वाले भाजपा के नेता भ्रष्टाचार व कमीशन खोरी के आकंठ में डूबे हुए हैं। हर बार चुनावी वर्ष में सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करके विकास का भ्रम फैलाकर आम जनमानस की आंखों में धूल झोंकने का कार्य करते हैं और जनता के पैसों से भाजपा का प्रचार-प्रसार कर भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों द्वारा चुनावी लाभ लेने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, महंगाई, रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह फेल रही है। आधारहीन घोषणाएं करके जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता शहर में गली-गली, गांव-गांव अभियान चलाकर जनता को भाजपा सरकार व कांग्रेस सरकार की हकीकत बताएगा। उन्होंने कहा कि काशीपुर में समाजवादी पार्टी के निरंतर बढ़ रहे वर्चस्व को अन्य पार्टियां पचा नहीं पा रही हैं। वहीं लगातार युवाओं का समाजवादी पार्टी से जुड़ना यह दर्शाता है युवा वर्ग का कांग्रेस भाजपा से मोह भंग हो चुका है।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष रवि छाबड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश यादव, मौहम्मद नाजिम सैफी, प्रदेश सचिव विक्की बाठला, जिला अध्यक्ष मौ. नईम चौधरी, आदित्य शर्मा, संतोष कुमार, हाजी बाबू अली, मनोज रावत, रविंद्र सिंह, ठाकुर संजय सिंह आदि मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles