विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम में तैनात एक सुपरवाइजर ने गैरहाजिरी लगाने पर एक सफाईकर्मी पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
जसपुर खुर्द, एसडीएम कोर्ट, काशीपुर निवासी अंकित कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह नगर निगम काशीपुर में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, दिनांक 11.08.2025 की सुबह के लगभग 7.00 बजे वह खड़कपुर देवीपुरा में सफाई कार्य करा रहा था, तभी वहां पर नरेश पुत्र रमेश निवासी मौहल्ला महेशपुरा, वाल्मीकि बस्ती, काशीपुर, जो कि उसके अधीन सफाई कर्मचारी आउट सोर्सिंग (ठेके पर) है तथा बहुत दिनों से सफाई के काम पर गैर हाजिर चल रहा था, आया और उसे गाली देकर कहने लगा कि मैंने तुझसे कहा था कि तू मेरे गैर हाजिर रहते हुये भी मेरी हाजिरी लगाना, किन्तु तू नहीं माना, आज तुझे मारकर तेरी कहानी खत्म करता हूँ।
अंकित ने बताया कि इतना कहते हुये नरेश ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर जान से मारने की नीयत से पीछे से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया तथा उसके बांये हाथ पर भी चोट आयी, उसके शोर मचाने पर बहुत से लोग मौके पर इकट्ठा हो गये, जिन्होंने उसे नरेश से बचाया, और इलाज के लिये सरकारी अस्पताल, काशीपुर ले जाकर भर्ती कराया, जहाँ उसकी चोटों का मुआयना हुआ तथा सिर की चोट को देखते हुये विशेषज्ञ की राय हेतु लिखा गया।
अंकित ने बताया कि वर्तमान में वह सहोता अस्पताल में उपचाराधीन चल रहा था, जहाँ पर उसकी स्थिति गम्भीर बताई गयी। उसने नरेश के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
अंकित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नरेश के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई शंकर सिंह बिष्ट के हवाले की है।



