रुद्रपुर (महानाद) : पुलिस ने राज्य में अब तक की सबसे बड़ी नशे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 2 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के गांजे के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति महोदय द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जनपद ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में एसपी क्राइम एवं एसपी सिटी एवं सीओ रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में दिनांक 18-04-2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस एवं एसओजी रुद्रपुर की टीम द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा बागवाला फ्लाईओवर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध कैंटर संख्या यूपी 81 एफटी 5851 को रोका गया। वाहन में सवार व्यक्तियों को विधिक प्रावधानों के अनुरूप उनके अधिकारों से अवगत कराते हुए सीओ रुद्रपुर की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैंटर में सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच अत्यंत सुनियोजित तरीके से छुपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक के कट्टों तथा तीन स्कूली बैगों में 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर संजय गुप्ता (38 वर्ष) पुत्र जगदीश गुप्ता निवासी दूधिया नगर, किच्छा रोड, रुद्रपुर, डीटू यादव (26 वर्ष) पुत्र रामविलास निवासी ग्राम नगला पीपल, थाना ओछा, जनपद मैनपुरी (उ.प्र.) तथा मोहित यादव (28 वर्ष) पुत्र आदेश यादव निवासी ग्राम पीपल नगला, थाना ओछा, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि संजय गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त थाना पुलभट्टा में भी अभियुक्त के विरुद्ध नशा तस्करी के प्रकरण दर्ज हैं। अभियुक्त की लगभग 03 करोड़ की अवैध नशे के कारोबार से अर्जित की गई अवैध सम्पत्ति को भी सीज करने की कार्यवाही भी प्रचलित है।
प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद गांजा उड़ीसा राज्य के सोनपुर क्षेत्र से लाकर रुद्रपुर में स्थानीय तस्करों कृको सप्लाई किया जाना था। अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली रुद्रपुर में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर कोर्ट में पेश कर दिया।
पुलिस टीम में एसआई सुरेन्द्र सिंह, जीवन सिंह, कां. वीरेन्द्र सिंह, कृष्णा टम्टा, पंकज बिनवाल, ललित कुमार तथा भूपेंद्र आर्य शामिल थे।



