विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : आईटीआई कोतवाली पुलिस ने चैती मेले में पकोड़ी की ठेली लगाने वाली महिला की पिटाई करने वाली 7 महिला बाउंसर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।
आपको बता दें कि दिनांक 2 अप्रैल 2026 को ग्राम धरमपुरा, टांडा, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी सुषमा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी चैती मेले में पकोड़ी की अस्थाई ठेली है, दिनांक 2.4.2026 को वह अपना सामान समेट रही थी कि चैती मेले में झूले में लगी महिला बाउंसर वहां आईं और बेवजह उससे विवाद करने लगीं।
सुषमा ने बताया कि उसने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो 8/10 महिला बाउंसरों ने उसके बाल पकड़कर थप्पड बरसाने शुरू कर दिये और मां बहन की गन्दी-गन्दी गालियाँ देते हुए पीटना शुरू कर दिया और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
सुषमा ने बताया कि कुछ लोग इनका वीडियो बना रहे थे तो इन्होंने उनके साथ भी गाली गलौज की। मार पीट में उसके कान की बाली भी कहीं गिर कर खो गई। उसने उक्त महिला बाउंसरों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की थी।
उक्त मामले को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई रवि कुमार सैनी द्वारा गंभीरता से लेते हुए धारा 115/352/351(2) बीएनएस बनाम अज्ञात 8-10 महिला बाउंसर पंजीकृत किया गया। जिनमें से 7 महिला बाउंसरो को आज कोतवाली आईटीआई पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।



