पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चलते चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत की पांच सीटों में से चार सीटों पर भाजपा द्वारा उतारे गए प्रत्याशियों का जीतना तय है। उन्होंने पांचो प्रत्याशियों को भाजपा कार्यालय पर फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
पूर्व विधायक ने बताया कि कुछ दिन पूर्व पर्यवेक्षक और उनके द्वारा रायशुमारी की गई थी, जिसमें जिला पंचायत स्तर पर अपने भाजपा के प्रत्याशी उतारने की बात की गई। रायशुमारी के पश्चात प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जसपुर विधानसभा क्षेत्र की पांच जिला पंचायत सीटों में से चार सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को उतारने की घोषणा की गई और एक सीट को फ्री छोड़ दिया गया जिस पर अन्य कोई भी व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है, इसके लिए कोई रोकथाम नहीं होगी।
पूर्व विधायक डॉक्टर सिंघल ने बताया कि हमारे कार्यकर्ता और संगठन इस तर्ज पर काम कर रहे हैं कि हमारी विचारधारा वाले बीडीसी मेंबर भी अधिक से अधिक जीत दर्ज करें और आने वाले समय का ब्लॉक प्रमुख भारतीय जनता पार्टी का ही बने। पूर्व विधायक ने भाजपा की इस जिला पंचायत चुनाव में भारी मतों से जीत का दावा किया।
इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह चौहान, राजकुमार गुंबर, डॉक्टर सुदेश चौहान, तरुण गहलौत, अनिल नागर, हुकम सिंह, सुधीर विश्नोई, सनी प्रधान, दारा प्रधान आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बधाई प्रेषित की।



