spot_img
spot_img
Monday, February 23, 2026
spot_img

जसपुर : मोहर्रम के त्यौहार पर ताजिए निकालने के दौरान अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में कोतवाली का घेराव, देखें वीडियो

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : मोहर्रम के त्यौहार पर ताजिए निकालने के दौरान अघोषित विद्युत कटौती के विरोध में भाजपाइयों एवं व्यापारियों ने मिलकर कोतवाली का घेराव किया।

आज रविवार को दर्जनों व्यापारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं भाजपाइयों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि कोतवाली परिसर में आयोजित हुई अमन कमेटी की बैठक के दौरान ताजियों की ऊंचाई 10 फीट तक रखने का सुझाव दिया गया था। इसके बावजूद भी ताजियों की ऊंचाई 15 फीट व उससे ज्यादा होने के कारण घंटो विद्युत आपूर्ति बाधित रही। विद्युत बाधित होने से व्यापारियों बुजुर्गों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया की ताजिये निकालने के दौरान विद्युत केबल आदि को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।

कोतवाली में हंगामे की सूचना पाकर सीओ दीपक कुमार, एसडीएम चतर सिंह चौहान, एसडीओ विद्युत सद्दाम अली, कोतवाली पहुंचे। अधिकारियों ने कोतवाली में हंगामा कर रहे व्यापारियों एवं भाजपाइयों को शांत किया एवं उनके आरोपों को सुना। सीओ दीपक कुमार ने कहा कि आगामी वर्ष में निकलने वाले ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से ज्यादा नहीं रखी जाएगी तथा प्रशासन इस पर पूरी नजर रखेगा। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान ने एसडीओ सद्दाम अली पर ताजिए निकालने के दौरान अघोषित विद्युत कटौती को लेकर खरी खोटी सुनाई। भाजपा अध्यक्ष का कहना था कि एक समुदाय के त्यौहारों के दौरान दूसरे लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है।

वहीं नगर के प्रतिष्ठित डॉक्टर एमपी सिंह ने प्रभारी कोतवाल जावेद मलिक से कहा कि त्यौहारों से पूर्व कोतवाली में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें गणमान्य व्यक्तियों के नाम पर भाई लोग मौजूद रहते हैं जो आए दिन किसी न किसी विवाद में घिरे रहते हैं एवं रोजाना कोतवाली के चक्कर लगाते हैं। डॉक्टर एमपी सिंह ने बताया कि पहले कोतवाली में रजिस्टर तैयार कर गणमान्य लोगों की सूची तैयार की जाती थी एवं पुलिस के माध्यम से गणमान्य व्यक्ति के हस्ताक्षर किए जाते थे, जिससे उनको दी गई सूचना सुनिश्चित की जा सके।

प्रभारी कोतवाल जावेद मलिक ने डॉक्टर एमपी सिंह सहित उपस्थित व्यापारियों व्यापार मंडल पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि भविष्य में जब भी कभी अमन कमेटी की बैठक होगी तो विशेष सूची तैयार करके सबको सूचना भेजी जाएगी।

कोतवाली का घेराव करने वालों में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य खड़क सिंह चौहान, नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान, कमल चौहान, डॉक्टर एमपी सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, अर्पित रस्तौगी, विमल अग्रवाल, अशोक खन्ना, विशाल कुमार, महेश सिंह, संजय गर्ग, कुलदीप पधान, अनीता पवार, नीलकमल शर्मा, महाराज सिंह, पंकज चौहान, दीपक राणा, मनोज सिंह, करण चौधरी, ललित शर्मा आदि मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles