विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एसटीएफ उत्तराखंड ने आईटीआई थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आर्यनगर निवासी एक युवक को दो ऑटोमैटिक पिस्टल एवं दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स तस्करी का मास्टर माइंड न्यूजीलैंड में बैठकर हथियारों का बड़ा नेटवर्क चला रहा है।
उक्त जानकारी देते हुए एसएसपी उत्तराखंड एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसटीएफ को जिला ऊधम सिंह नगर में बड़े पैमाने पर असलहों की सप्लाई की जानकारी मिल रही थी। लगभग 2 महीने से सप्लायर की तलाश में जुटी इंस्पेक्टर एमपी सिंह की टीम ने आईटीआई थाना पुलिस के साथ मिलकर काशीपुर के मौ. आर्यनगर स्थित डॉ. सिंह वाली गली में छापा मारकर 22 साल के हर्ष शर्मा को दो अवैध पिस्टल व दो मैगजीन और .32 बोर के कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त हथियार सप्लायर हर्ष शर्मा पॉलीटेक्निक की सिविल ट्रेड में अंतिम वर्ष का छात्र है तथा व्हाट्सएप के माध्यम से न्यूजीलैंड में बैठे गुरविंन्दर सिंह बाजवा उर्फ गूरी के संपर्क में था।
न्यूजीलैंड में बैठा गुरविंन्दर सिंह बाजवा उर्फ गूरी खरमासा, काशीपुर का रहने वाला है। वह 1.5 साल पहले ही न्यूजीलैंड गया है। गुरविंदर ही हर्ष को असलहा कहां से उठाकर किसे देना है, यह बताता था। वह लगभग एक साल से गूरी के संपर्क में था। उसने काशीपुर और आसपास के क्षेत्र के अलावा रामपुर और मुरादाबाद में एक दर्जन से ज्यादा असलहे डिलीवर करने की बात स्वीकारी है।



