रुद्रपुर (महानाद) : मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए डीएम उधम सिंह नगर ने कल 1 सितम्बर को सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी कर दी है।
छुट्टी का आदेश पारित करते हुए डभ्एम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 31 अगस्त 2025 से 4 सितम्बर 2025 तक उत्तराखण्ड राज्य के जनपदों में कहीं-कहीं औसत से अधिक वर्षा एवं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने / वर्षा के तीन दौर होने की सम्भावना व्यक्त की गयी हैं। जिसमें जनपद ऊधम सिंह नगर को दिनांक 31 अगस्त, 2025 को रेड अलर्ट एवं 1 सितम्बर, 2025 को ऑरेंज अलर्ट की श्रेणी में रखा गया है।
उक्तानुसार भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून से जारी मौसम पूर्वानुमान / चेतावनी तथा पर्वतीय जनपदों में हो रही लगातार वर्षा से जनपद ऊधम सिंह नगर अन्तर्गत नदी-नालों का जलस्तर अधिक बढ़ने की सम्भावना के दृष्टिगत आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 की धारा-30(2) में प्रदत्त शक्तियों और कृत्य के आधार पर छात्रहित एवं बाल्यहित को देखते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर अन्तर्गत (कक्षा 1 से 12 तक संचालित) समस्त राजकीय / परिषदीय/सहायता प्राप्त / मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन दिनांक 1-9-2025 (सोमवार) को बन्द रहेगा।
अतएव निर्देशित किया जाता है कि समस्त तहसील एवं सम्बन्धित विभाग उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई विद्यालय उक्त आदेश की अवहेलना करता है तो आपदा प्रबन्धन अधिनियम-2005 के अन्तर्गत उनके विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।



