रुद्रपुर (महानाद) : उधम सिंह नगर से बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। डीएम ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों को विगत 5 साल में जारी स्थाई निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन के आदेश दिया है।
उक्त जानकारी देते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत द्वारा गत दिनों वनभूलपुरा, तहसील हल्द्वानी स्थित एक ग्राहक सेवा केन्द्र में की गई छापेमारी में फर्जी अभिलेखों के आधार पर अवैध रूप से स्थाई प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का मामला सामने आया था जिसके बाद नैनीताल पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
उक्त प्रकरण पर कठोर संज्ञान लेते हुए डीएम भदौरिया ने जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विगत 5 वर्षों में जारी किये गये स्थाई निवास प्रमाण पत्रों का सत्यापन करें तथा क्षेत्र में संचालित ग्राहक सेवा केन्द्रों का औचक निरीक्षण करें। जो भी प्रमाण-पत्र फर्जी, असत्य या अप्रमाणिक आधार पर जारी पाए जाएं, उन्हें तत्काल निरस्त करते हुए संबंधितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अनियमितताओं को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
sthai-niwas_news



