रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में पुलिस ने नाबालिग बालिका को बरामद कर संबंधित प्रकरण में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि दिनांक 12.09.2026 को पीड़ित बालिका की माता द्वारा कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया गया कि राजा दुष्यंत नामक युवक उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। तहरीर के आधार पर राजा दुष्यंत पुत्र चंद्रप्रकाश के विरुद्ध धारा 137(2), 64(1) एवं 87 भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
नाबालिग बालिका एवं पॉक्सो अधिनियम से संबंधित मामला होने के कारण इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारीगण को दी गई तथा राजा की गिरफ्तारी एवं साक्ष्य संकलन के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारम्भ की गई। राजा की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई। दिनांक 12.09.2026 को एसआई नरेश चंद्र पंत, हेड कां. कृष्णा प्रसाद एवं संतोष डोभाल निजी वाहन से चौकी रम्पुरा क्षेत्र में राजा की तलाश, सुरागरसी एवं पतारसी के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर तलाश करते हुए क्षेत्र में मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
इसी दौरान शाम करीब 8ः15 बजे तीनपानी तिराहे के पास पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमे में वांछित राजा दुष्यंत किच्छा रोड से एफएसएल रोड की ओर जाने वाले कट के पास खड़ा है तथा वहां से कहीं बाहर भागने की तैयारी में है। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर राजा दुष्यंत (21 वर्ष) पुत्र चंद्रप्रकाश, निवासी किच्छा बाईपास रोड, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान राजा ने बताया कि उसे अपने विरुद्ध कोतवाली रुद्रपुर में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत होने की जानकारी हो गई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह रुद्रपुर से रामपुर की ओर जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस टीम द्वारा उसे समय रहते पकड़ लिया गया।



