विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : द्रोण विहार निवासी एक महिला ने एक व्यक्ति पर उसके 7 लाख रुपये हड़पने और पैसे वापस मांगने पर उसे व उसके परिवार को रात-रात में नामो निशान मिटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
म.नं. 6, द्रोण विहार, प्रकाश सिटी के सामने, बाजपुर रोड, काशीपुर निवासी गायत्री पाण्डेय पत्नी स्व. मनोज पाण्डेय ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने बाजपुर रोड, काशीपुर निवासी लोकेश सिंह पुत्र निजपाल सिंह से दिनांक 2.12.2022 को एक विला खरीदने के लिए 30 लाख रुपये में सौदा किया था और एडवांस के तौर पर 7 लाख रुपये का भुगतान किया था।
गायत्री पाण्डेय ने बताया कि उनके बार-बार कहने पर भी लोकेश सिंह ने उक्त विला की रजिस्ट्री नहीं करवाई और उक्त विला को किसी और को बेच दिया। जब उन्होंने अपने 7 लाख रुपये वापस मांगे तो पैसे देने से मना कर दिया।
गायत्री पाण्डेय ने बताया कि जब उन्होंने लोकेश सिंह से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने उनके साथ गंभीर गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि ‘रात-रात में पूरे परिवार का नामो-निशान मिटा देंगे’।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से वह इतनी भयभीत हो गई हैं कि वह अब हमेशा डर के साये में जी रही हैं। बीते कुछ दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पीछा किए जाने की भी शंका हो रही है, जिससे भय के कारण उन्होंने अपनी बहू को उसके मायके भेज दिया है। अब वह केवल अपनी वृद्ध सास और छोटे पुत्र के साथ भय की स्थिति में जीवन यापन कर रही है। घर से बाहर निकलना भी उन्हें असुरक्षित प्रतीत होता है। उन्होंने लोकेश सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उनकी रकम वापस दिलवाये जाने की मांग की है।
गायत्री पाण्डेय की तहरीर के आधार पर आईटीआई थाना पुलिस ने लोकेश सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई प्रकाश सिंह बिष्ट के सुपुर्द की है।
kashipur_city | kashipur_news



