कालाढूंगी (महानाद) : कालाढूंगी क्षेत्र में लड़ाई-झगड़ा व फायरिंग करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 1 तमंचा व 5 जिन्दा कारतूस बरामद कर लिये।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दिनांक 14.02.2026 की रात्रि में चौकी बैलपड़ाव पर डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी रोड पर बैलपोखरा गांव को जाने वाले तिराहे के पास कुछ व्यक्तियों के बीच आपसी झगड़ा तथा फायरिंग की घटना हुई है।
सूचना पर सीओ सुमित पांडे, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे, किन्तु घटनास्थल के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वीडियोग्राफी की गई तथा मौके से खोखे बरामद किए गए।
उक्त घटना के संबंध में दिनांक 16.02.2026 को बलजीत कौर पत्नी लवप्रीत सिंह, निवासी ग्राम बच्चीनगर, थाना कालाढूंगी, जनपद नैनीताल द्वारा
1. रंजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी बैलपोखरा
2. मनदीप सिंह उर्फ मंगा पुत्र मलकीत सिंह निवासी उदयपुरी
3. गुरप्रीत सिंह उर्फ गोप्पी पुत्र निर्मल सिंह निवासी बढपुरा, थाना स्वार, जनपद रामपुर तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली कालाढूंगी में धारा 109(1)/126(1)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसएसआई पंकज जोशी के हवाले की गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। उक्त आदेश के अनुपालन में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ सुमित पाण्डे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी द्वारा टीम गठित कर अभियुक्तों की तलाश शुरू की गई एवं सुरागरसी पतारसी एवं अन्य माध्यम से सूचना पर दिनांक 20.02.2026 को गड़प्पू बैरियर के पास से गुरप्रीत सिंह, रंजीत सिंह एवं मनदीप सिंह उर्फ मंगा को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहे व कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान तीनों अभियुक्तों ने बताया कि लवप्रीत के मित्र हरभजन की रंजीत सिंह से पुरानी रंजिश थी। घटना की रात हरभजन ने आरोपी को घटनास्थल पर बुलाया। आरोपी अपने साथियों के साथ वहाँ पहुँचा और गाली-गलौज व मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों द्वारा फायरिंग की गई।
बरामदगीः
1. गुरप्रीत सिंह से 1 देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस
2. रंजीत सिंह से 1 देशी पिस्टल व 2 जिंदा कारतूस
3. मनदीप सिंह से एक 0.22 बोर का तमंचा व 1 जिंदा कारतूस
इसके अतिरिक्त घटनास्थल से 11 खोखे .32 बोर और 2 खोखे .22 बोर के बरामद हुए। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन हेतु 1,500 रुपए के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, एसएसआई पंकज जोशी, दीपक बिष्ट, एसआई राजवीर सिंह, एसओजी प्रभारी राजेश जोशी, एसआई देवेन्द्र राणा, कां. अखिलेश तिवारी, स्वरुप सिंह, उमेश राम, मिथुन कुमार, संजय दोसाद, प्रीतम सिंह तथा अमनदीप सिंह शामिल थे।



