नई दिल्ली (महानाद) : भाजपा के प्रखर व तेज तर्रार राष्ट्रीय प्रवक्ताओं में से एक शजाद पूनावाला ने भारतीय जनता पार्टी को छोड़ दिया है। मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने भाजपा के के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है, जिसमें इस्तीफा देने की वजह व्यक्तिगत कारण बताई गई है।
आपको बता दें कि आज बृहस्पतिवार को शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ का बायो अपडेट करते हुए लिखा –
‘धर्मः इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय। लेखक: जीएसटी की यात्रा ;पीएम नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायीद्ध
इस बदलाव से साफ है कि संगठन से अलग होने के बावजूद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्थन जस का तस बना हुआ है।
इससे पहले शजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर राजनीति छोड़ने के संकेत दिए थे। शहजाद ने बीते कुछ हफ्तों में अपने पुराने इंटरव्यूज के कई क्लिप्स री-शेयर किए थे, जिनमें वे सक्रिय राजनीति को अलविदा कहने की बात कर रहे थे।
उन्होंने एक क्लिप शेयर करते हुए कहा था कि उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद ही सक्रिय राजनीति छोड़ने का मन बना लिया था। हालांकि, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के अहम चुनावों के कारण वे रुके रहे।
जनवरी 2025 के एक वीडियो क्लिप में शहजाद कहते सुने जा सकते हैं कि ‘चुनावी लक्ष्य और राजनीतिक योगदान दो अलग चीजें हैं। यह सोचना भूल है कि केवल सांसद या जनप्रतिनिधि बनकर ही समाज सेवा की जा सकती है। सिस्टम से बाहर रहकर भी देश के लिए योगदान दिया जा सकता है।’
विदित हो कि पेशे से वकील और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने वंशवाद के खिलाफ खुलकर बगावत की थी। जिसके बाद उन्हें कांग्रेस से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।
कांग्रेस छोड़ने के बाद वे भाजपा में शामिल हुए। टीवी डिबेट्स में भाजपा का पक्ष मजबूती से रखने और विपक्षी दलों पर आक्रामक हमले बोलने के कारण उन्हें भाजपा ने राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा के सोशल मीडिया विंग का प्रभारी भी बनाया गया था।



