झांसी (महानाद) : जेल में बंद अपने भाई से मिलने जा रहे माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे और उसके एक दोस्त की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई।
आपको बता दें कि आज बृहस्पतिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ यात्रा कर रहे सोनू खान की भी मोत हो गई।, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। सुबह करीब 10ः30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक एक जानवर सड़क पर आ गया। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान को गंभीर सिर की चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अहजम (बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी के दौरान पुलिस को शादी का एक निमंत्रण पत्र मिला। कार्ड पर लिखे मोहम्मद जैद के नाम और संपर्क नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर यात्रियों की पहचान सुनिश्चित की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद घायल युवक लगातार अपने साथियों के बारे में पूछते हुए सिर्फ इतना कह रहे थे, ‘भाई कैसे हैं?’ हालांकि गंभीर चोटों के कारण वे अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे। पुलिस को वाहन से तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



