विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक्सिस बैंक की शाखा के एक खाते में साइबर ठगी की 68 शिकायतों से जुड़े होने के बाद एसएसआई द्वारा मुकदमा दर्ज करवाया गया है। एसएसआई ने इस मामले में बैंक कर्मचारियों की मिली भगत की आशंका भी जताई है।
एसएसआई कोतवाली काशीपुर नवीन बुधानी ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उनके द्वारा साइबर सैल से प्राप्त रिपोर्ट में अंकित बैंक खाते को एनसीआरपी पोर्टल पर सर्च करने पर उपरोक्त खाता संख्या अलग-अलग राज्यो के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 68 शिकायतों में सम्मिलित होना प्रकाश में आया है।
नवीन बुधानी ने बताया कि उक्त डिटेल के आधार पर प्रथम दृष्टया खाता (एक्सिस बैंक) के खाताधारक अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचना किया जाना समीचीन प्रतीत होता है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त बैंक खाता वास्तविक बैंकिंग उद्देश्यों के लिए नहीं खोला गया था, बल्कि धोखाधड़ी से प्राप्त आय को प्राप्त करने के लिए, उपभोग करने के लिए जानबूझकर बनाए और संचालित किये गये हैं।
एसएसआई बुधानी ने कहा कि इस स्तर पर, संबंधित बैंक अधिकारियों की भूमिका या सक्रिय मिलीभगत को खारिज नहीं किया जा सकता है, और जिसके लिए विस्तृत विवेचना की आवश्यकता है। उपरोक्त शिकायतों से स्पष्ट होता है कि पीड़ितों को गलत नुकसान और खाताधारक को गलत लाभ हुआ है। उक्त आपराधिक प्रकरण में शामिल आरोपी म्यूल बैंक खाता एक्सिस बैंक का खाताधारक नाम पता अज्ञात उपरोक्त तथ्य प्रथम दृष्टया की बीएनएस की धारा 318(4) के हद तक पहुंचती है। अतः प्रकरण के सम्बन्ध में अभियोग पंजीकृत कर जांच किया जाना आवश्यक है।
एसएसआई नवीन बुधानी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हेम चन्द्र तिवारी के हवाले की है।



