विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कोतवाली आईटीआई पुलिस ने अवैध शस्त्रों के विरुद्ध करारा प्रहार करते हुए अवैध तमंचों के साथ उत्तराखंड घूमने आये ससुर-दामाद को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 तमंचे, 75000 रुपये बरामद कर उनकी अर्टिगा कार को सीज कर दिया।
आपको बता दें कि दिनांक 11.06.2026 को प्रभारी चौकी पैगा उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ चैकिंग करते हुए गुलड़िया रोड पर ग्राम अमरझंडा में खण्डहरनुमा बाजार के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार वाहन अर्टिगा सफेद रंग को रुकने का इशारा किया तो वाहन चालक द्वारा एकदम अपने वाहन को मोड़कर सड़क से नीचे खंडहरनुमा प्लॉट की ओर भगाने पर शक होने पर कार में सवार दोनों व्यक्तियों को मय कार के मौके पर पकड़ लिया।
दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक-एक तमंचा 315 बोर और एक-एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद और 75000 रुपये बरामद हुए। बरामद अवैध शस्त्रों के बारे में जानकारी करने पर दोनों ने बताया कि हम लोग उत्तराखंड घूमने आये थे और ये तमंचे हमने अपनी सेफ्टी के लिए रखे थे। उक्त दोनों व्यक्ति को उनके जुर्म धारा 3/25 आर्म्स एक्ट से अवगत कराकर उनके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया।
नाम पता गिरफ्तार अभियुक्त –
1- आहिल पुत्र नसीम निवासी ग्राम नौगवां सादात, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश)।
2- रफी पुत्र नजीर अहमद निवासी मौ. खुलाड़ा, कोतवाली शेरकोट, तहसील धामपुर, बिजनौर (उ.प्र.)।
पुलिस टीम में प्रभारी चौकी पैगा जसविंदर सिंह, एएसआई दीपक चौहान, कां. हरीश नेगी तथा सुरेंद्र कांबोज शामिल थे।



