विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने 5 लोगों पर उसे जमीन में कमाई का लालच देकर उससे 69 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बदरपुर, दिल्ली निवासी नीरज कुमार पुत्र मुरलीधर द्विवेदी ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आयुष नाम का व्यक्ति उसके मकान के साथ में गुरुग्राम में निवास करता है तथा उसके आयुष से दोस्ताना संबंध हैं। आयुष ने उसकी दोस्ती पीयूष से कराई और आपस में मिलना-जुलना जारी रहा।
नीरज कुमार ने बताया कि दिनांक 163.2026 को पीयूष ने उसे अमन रन्धावा से मिलाया और कहा कि इनको नोएडा में प्रोपर्टी लेनी है। इनको कई प्रोपर्टी दिखाई मगर उनको कोई प्रोपर्टी पसन्द नहीं आई। इसी बीच उसकी जान पहचान अमन रन्धावा से अच्छी हो गई तो अमन ने बताया कि उसके बॉस को उत्तराखण्ड में प्रोपर्टी लेनी है। तब पीयूष ने उसे बताया कि उत्तराखण्ड में एक काशीपुर जगह पड़ती है, वहाँ हाइवे पर एक गाँव है जिसका नाम रायपुर खुर्द है और वहाँ अच्छी जमीन है जो अमन खरीद लेगा और पीयूष के द्वारा उसे प्रलोभन दिया गया कि तुम कुछ पैसा इन्वेस्ट कर दो, तुम्हें अच्छा फायदा होगा और कहा गया कि अमन व उनके बॉस जिनकी राजनीति में अच्छी पकड़ है, वह काफी राजनेताओं के सम्पर्क में रहते हैं और अमन उनका पैसे पर काम करता है।
नीरज ने बताया कि पीयूष ने उक्त रायपुर खुर्द वाली जमीन को दिखाया और कहा कि अमन को उक्त जमीन पसन्द है। यह जमीन हमें 70 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से मिल रही है। आप अगर पैसे हमारे साथ लगाओगे तो हम यह जमीन 79 लाख रुपये प्रति बीघा में अमन व उसके बॉस को बेच देंगे।
नीरज ने बताया कि दिनांक 18.03.2026 को उसे चमकौर उर्फ सोनी पुत्री जसविन्दर सिंह निवासी रायपुर खुर्द, काशीपुर, जिला उधम सिंह नगर से मिलवाया गया और उसने चमकौर को 39 लाख रुपये खाते में ट्रान्सफर कर दिये और 20 बीघे जमीन का सौदा 1 करोड़ 30 लाख रुपये में तय हो गया व 91 लाख रुपये के चैक चमकौर को दे दिये तथा पीयूष ने अमन व उसके बॉस से रुद्रपुर के रेडिसन होटल में मिलवाया, जहाँ उन्होंने उक्त सौदा 79 लाख रुपये प्रति बीघा में तय कर लिया और बतौर बयाना 5 लाख रुपये उसे अदा कर दिये।
नीरज ने बताया कि कुछ समय उपरान्त उसने पीयूष व अमन से बकाया रकम के लिये कहा तो पीयूष व अमन ने कहा कि बॉस के लीगल एडवाइजर जयसूर्या जाँच करने आयेंगे तब हमारा पैसा मिलेगा और लीगल एडवाईजर से फोन पर बात कराई। तब लीगल एडवाइजर ने कहा कि आप मुझ 30 लाख रुपये दोगे, तब मैं रिपोर्ट लगा दूंगा और आपका सारा पैसा मिल जायेगा।
नीरज ने बताया कि उसने दिनांक 26.03.2026 को हरिद्वार में जयसूर्या के भांजे रोहित दिवाकर को 30 लाख रुपये दिये। इस प्रकार उसके द्वारा 69 लाख रुपये तथा अपने बैंक के खाते के तीन चैक क्रमशः 30-30 लाख रुपये एवं एक चैक 1 लाख रुपये यानि कुल 91 लाख रुपये के चैक दे दिये गये। जब उसके द्वारा कुछ समय उपरान्त पीयूष व अमन से सम्पर्क किया गया तो यह दोनों टालमटोल करने लगे और रजिस्ट्री नहीं कराई गई तथा चमकौर द्वारा उसके चैक बाउंस करा दिये गये।
नीरज ने बताया कि तब उसने पीयूष व अमन से सम्पर्क किया और पूछा कि आपने मेरे चैक बाउंस क्यों कराये, तब इन लोगों ने उससे कहा कि हमें 30 लाख रुपये नगद दे, नहीं तो हम तेरा कोई पैसा व चैक वापिस नहीं करेंगे । उसने उक्त रकम देने से साफ इंकार कर दिया। तब उपरोक्त लोगों ने कहा कि हमारा यही काम है और हम गैंग बनाकर ऐसे ही लोगों को लूटते हैं और अमन रंधावा हमारा लीडर है। हमारा पुलिस भी कुछ नहीं कर सकती। अमन ने कहा कि अगर तू कोई कानूनी कार्यवाही करेगा तो हम तुझे जान से मार देंगे। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
नीरज कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त 5 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पैगा चौकी प्रभारी एसआई जसविन्दर सिंह के हवाले की है।



