विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर साइबर ठगों का अड्डा बनता जा रहा है। यह उधम सिंह नगर पुलिस की लगातार की जा रही सर्जिकल स्ट्राइक के बाद साबित हो रहा है।
आपको बता दें कि कोतवाली काशीपुर एवं आईटीआई पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध बैंक खातों की जांच की जा रही है और जांच के बाद उक्त खातों के स्वामियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच की जा रही है। उक्त क्रम में पुलिस द्वारा एक दिन में ही 4 बैंक खाता स्वामियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किये गये हैं।
प्रकरण – 1
कटोराताल चौकी इंचार्ज एसआई मीना रावत ने बताया कि दिनांक 24.07.2026 को वह साइबर सैल, रुद्रपुर से प्राप्त म्यूल खातों की जांच करने आईडीबीआई बैंक, शाखा काशीपुर पहुंचीं। आईडीबीआई बैंक में एक खाता प्रिंस सिंह पुत्र बलवन्त सिंह निवासी रायपुर, पोस्ट कालीनगर, ऊधम सिंह नगर के नाम से है।
एसआई मीना रावत ने बताया कि बैंक से जानकारी करने पर पता चला कि उक्त खाते में दिनांक 2.5.2024 से दिनांक 24.07.2026 तक क्रेडिट के रूप में 47,90,000 रुपये तथा 47,50,016.74 रूपये की धनराशि डेबिट हुई है। इस प्रकार उक्त खाते में कुल 95,40,016 का लेन-देन हुआ है। साईबर पोर्टल में सर्चिंग करने पर पाया कि सन्दर्भित खाते के विरुद्ध देश के भिन्न भिन्न राज्यों से 4 शिकायतें दर्ज हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच करवाया जाना आवश्यक है।
पुलिस ने प्रिंस सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्रकरण – 2
वहीं, कटोराताल चौकी इंचार्ज एसआई मीना रावत ने बताया कि वहीं आईडीबीआई बैंक में ही जांच के दौरान एक दूसरा खाता जो बाटला पेपर एण्ड पैकेजिंग, जिम्मी बाटला निवासी वार्ड नं. 6, गढ़ीनेगी के नाम से है। उक्त खाते की जांच करने पर पता चला कि उक्त खाते में दिनांक 15.12.2025 से दिनांक 24.07.2026 तक क्रेडिट के रूप में 70,31,498.58 रुपये की धनराशि तथा डेबिट के रूप में 69,98,658 रुपये की धनराशि, कुल 1,40,30,156.58 रुपये का लेन-देन हुआ है।
एसआई मीना रावत ने बताया कि साइबर पोर्टल में सर्चिंग करने पर पता चला कि उक्त खाते के विरुद्ध देश के भिन्न भिन्न राज्यों से 20 शिकायतें दर्ज हैं, मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच करवाया जाना आवश्यक है।
पुलिस ने बाटला पेपर एण्ड पैकेजिंग, जिम्मी बाटला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्रकरण – 3
वहीं, एसआई दिनेश चन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने दिनांक 24.07.2026 को मुरादाबाद रोड, काशीपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में जाकर जांच की पता चला कि एनएम ट्रेडर्स के नाम से एक चालू खाता है जिसका प्रोपराइटर नूरे मुज्जसिम पुत्र सफीक अहमद निवासी वार्ड नं. 8, थाना साबिक, काशीपुर का है।
उन्होंने बताया कि उक्त खाते सम्बन्ध में एनसीआरपी पोर्टल में 6 शिकायतें दर्ज हैं। उक्त खाते में साइबर फ्रॉड से सम्बन्धित धनराशि आयी हुई है। जिसमें दिनांक-18.07.25 को 199152 रुपये, दिनांक-19.07.25 को 50,000 रुपये व 4,00,000 रुपये, दिनांक 29.07.25 को 354 रुपये व 10,59,524 रुपये, दिनांक 28.8.25 को 1 लाख रुपये, दिनांक 11.09.25 को 14,04,838 रुपये, दिनांक 16.9.25 को 38,87,659 रुपये कुल 71,01,173 रुपये का लेन देन हुआ है।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त धनराशि के सम्बन्ध में साइबर शिकायत दर्ज है। उक्त खाते का प्रयोग नूर मुज्जसिम द्वारा किया जा रहा है। खाते के विवरण से पाया कि उक्त खाते का प्रयोग कई लोगों से धोखाधड़ी से धनराशि अर्जन के लिये किया गया है। अतः मामले में मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच करवाया जाना आवश्यक है।
पुलिस ने नूर मुज्जसिम के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्रकरण – 4
वहीं, एसआई हेम चन्द्र तिवारी ने बताया कि उनके द्वारा बंधन बैंक में जाकर एक खाते की जांच की गई तो पता चला कि उपरोक्त खाते के विरुद्धअलग-अलग राज्यों के विभिन्न थानों में कुल 7 शिकायतें दर्ज हैं। एनसीआरपी पोर्टल की उक्त डिटेल के आधार पर प्रथम दृष्टया खाता धारक के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विवेचना किया जाना समीचीन प्रतीत होता है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान प्रतीत होता है कि खाताधारक द्वारा उक्त बैंक खाता वास्तविक बैंकिंग उद्देश्यों के लिए नहीं खोला गया था, बल्कि धोखाधड़ी से प्राप्त आय को प्राप्त करने के लिए व उपभोग करने के उद्देश्य से जानबूझकर खोला और संचालित किया गया है। इस स्तर पर संबंधित बैंक अधिकारियों की भूमिका या सक्रिय मिलीभगत को खारिज नहीं किया जा सकता है, जिसके लिए विस्तृत विवेचना की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त शिकायतों से स्पष्ट होता है कि पीड़ितों को गलत नुकसान और उक्त खाताधारक को गलत लाभ हुआ है। उक्त आपराधिक प्रकरण में शामिल खाता धारक के विषय में बैंक जाकर जानकारी प्राप्त की गयी तो उक्त खाता धारक का नाम पता बैंक के दस्तावेजों में एएस कॉन्ट्रेक्टर, ग्राउंड फ्लोर, भूरे भाई का घर, तुमड़िया कलां, मुरादाबाद तथा उक्त प्रतिष्ठान के मालिक का नाम बैंक के दस्तावेजों में 1. जहीर पुत्र भूरा निवासी तुमडिया कलां, मुरादाबाद एवं भूरा पुत्र अहमद हसन निवासी तुमड़िया कलां, जिला मुरादाबाद दर्ज है। उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच किया जाना आवश्यक है।
पुलिस ने जहीर व भूरा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।



