विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने एक महिला व उसके साथियों पर उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उससे 5 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
अफजलगढ़ क्षेत्र में पेंट की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति ने काशीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 16 जून 2026 की शाम के लगभग 7ः00 बजे एक महिला दो अज्ञात पुरुषों को लेकर आयी। दुकान पर आकर उन्होंने पेन्ट लेने की बात कही, दुकान बंद हो चुकी थी तो उसने सुबह आने के लिए कहा तो महिला ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
व्यक्ति ने बताया कि अगले दिन सुबह पेंट लेने के बहाने से उक्त महिला की कॉल आई। पहले पेंट की बातें करती रही तथा बाद में उससे अश्लील बातें करने लगी। उसने पहले सभी बातों को इग्नोर किया, लेकिन बातें करते-करते उसने उसे अपनी बातों में फंसा लिया। उक्त महिला ने उसका नंबर उस महिला को दिया जो कि उसके साथ उसकी दुकान पर आई थी।
व्यक्ति ने बताया कि फिर उस महिला का फोन उसके पास आया और उसने दिनांक 22 जून 2026 को उसे अपने घर पर पेंट करवाने के बहाने कुंडेश्वरी, काशीपुर बुलाया और कहा कि तुम यहां आकर एक बार घर देख लो कि कितना पेंट खर्चा आ जाएगा। वह उस महिला के कहने पर कुंडेश्वरी, काशीपुर पहुंच गया तो चौराहे पर वह महिला स्कूटी से उसे अपने साथ अपने घर ले गई। वहां पर वह पहुंचा तो उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, उसके पीते ही ही उसकी आंखें बंद सी होने लगी। उसे नशा हो गया और वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा।
व्यक्ति ने बताया कि जब उसकी आँख खुली तो वह नग्न अवस्था में लेटा हुआ था और उसके पास में उक्त महिला नग्न अवस्था में बैठी हुई थी। उसने उठते ही कपड़े पहनने शुरू किये तो तभी वहां पर दो पुरुष और एक महिला और आ गए। जिन्होंने मिलकर उसे मारना पीटना और उसके कपड़े फाड़ने शुरू कर दिये और उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रखकर उसे जान से मारने की कोशिश की व बोला तुझे गोली मार दूंगा, हमने तेरी अश्लील वीडियो बना ली है अब हम इस वीडियो को वायरल करेंगे।
व्यक्ति ने बताया कि वह बहुत डर गया, उनसे जाने देने की मिन्नतें करने लगा परन्तु वे लगातार उसे मारते रहे और उसके मोबाइल से उसके घर वालों के नबर लेकर उसकी वीडियो भेजने की धमकी देने लगे और कहा अगर बचना है तो 10 लाख रुपए दे दे नहीं तो तेरी ये वीडियो तेरे बच्चों को और इन्टरनेट पर डाल देंगे। वह बहुत डर गया था और उसे जान मारने से छोड़ने के लिए उन्होंने पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा और उससे चार बार में कुल 1 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिये, फिर उसे यह कहकर छोड़ा कि कल तक 9 लाख रुपये और लाकर दे, नहीं तो तुझे जान से मार देंगे और तेरी वीडियो भी वायरल कर देंगे।
व्यक्ति ने बताया कि वह इतना डर गया था कि अपनी जान बचाने के लिए 23 जून 2026 को कुंडा मोड़, काशीपुर के पास में उसने 4 लाख रुपये दे दिये। अब उक्त लोग उसकी अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे हैं और दोबारा पैसे की मांग कर रहे हैं। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर 2 महिलाओं व 2 पुरुषों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 308(5), 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मनोज सिंह धोनी के हवाले की है।



