spot_img
spot_img
Saturday, August 15, 2026
spot_img

परेड ग्राउंड में सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, की 7 बड़ी घोषणाएं

देहरादून (महानाद) : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके साथ ही 14 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने हालिया आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत और बचाव कार्यों के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और बिजली की व्यवस्था को जल्द बहाल करने पर सरकार का फोकस है।

विकास को लेकर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में भी सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी से लेकर पर्यटन, खेल, स्टार्टअप और स्वरोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। सरकार ने वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि इस साल कांवड़ मेले में 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन के साथ अब वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इन्क्यूबेशन सेंटरों के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। वहीं ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के जरिए स्थानीय लोगों और युवाओं को नए अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, विज्ञान एवं नवाचार और सुशासन के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और किसानों को ब्याजमुक्त ऋण समेत कई सुविधाएं दी जा रही हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री की 7 बड़ी घोषणाएं

  1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
  2. प्रदेश में पहले युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
  3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार व उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
  4. वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
  5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
  6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से प्रशिक्षण दिया जाएगा और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
  7. बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प सरकार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि विकास के साथ राज्य की संस्कृति और विरासत को सुरक्षित रखना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकता है।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ समेत शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles