spot_img
spot_img
Saturday, August 15, 2026
spot_img

नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब

नैनीताल (महानाद) : आजादी के 80वें वर्ष में नैनीताल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री खजान दास ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा बेहतर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।

प्रभारी मंत्री खजान दास ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी हमें अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। हमें उनकी कुर्बानियों को हमेशा याद रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ जिले के हर गांव और हर वर्ग तक पहुंचे।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने उन्हें 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। साथ ही लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।

इसके बाद प्रभारी मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

स्वतंत्रता दिवस पर गांधी चौक से डीएसए मैदान तक निकली तिरंगा रैली आकर्षण का केंद्र रही। इसमें स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

दिनभर चले कार्यक्रमों में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान और नाव रैली भी शामिल रही। ठंडी सड़क पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाए। वहीं मल्लीताल से नाव रैली भी निकाली गई।

जिले के अन्य हिस्सों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और पौधरोपण जैसे आयोजन किए गए।

इस दौरान विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles