आगरा (महानाद) : एक कलियुगी बाप ने अपनी 11 माह की बच्ची के साथ फोटों खींची और फिर उसे यमुना नदी में फेंक दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को भी नदी में फेंकने की कोशिश की, लेकिन उसके चिल्लाने से राहगीर एकत्र हो गये और उन्होंने उसे बचा लिया।
आपको बता दें कि भरतपुर के डीग के कदिम जाटौली निवासी लक्ष्मी पुत्री भूप सिंह की शादी 15 जून, 2024 को सिकंदरा के गांव नेरे निवासी रिंकू उर्फ चंद्रवीर से हुई थी। मिली जानकारी के अनुसार रिंकू और उसके परिजन आए दिन दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी का उत्पीड़न करते थे और रिंकू अपने ससुर पर गांव का प्लॉट उसके नाम करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया।
रिंकू लक्ष्मी को अपनी 11 महीने की बेटी वंशिका के साथ सिकंदरा से खरीदारी कराने के बहाने लेकर आया और गांव से निकलते ही यमुना के पुल पर बाइक रोक दी। पहले वह बेटी और पत्नी के साथ मोबाइल से फोटो खींचने लगा और फिर बाद में फोटो खींचने के बहाने लक्ष्मी की गोद से बेटी को अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद अचानक उसने वंशिका को यमुना में फेंक दिया।
इसके बाद रिंकू ने लक्ष्मी को भी पुल से फेंकने की कोशिश की लेकिन लक्ष्मी ने पुल की दीवार पकड़ ली और शोर भी मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग रुक गये और उन्होंने रिंकू को पकड़ लिया और 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने यमुना में बच्ची की तलाश कराई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।



