spot_img
spot_img
Wednesday, September 9, 2026
spot_img

टीएमसी के पूर्व डिप्टी स्पीकर का पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला शव

कोलकाता (महानाद) : पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और 5 बार विधायक रहे आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पार्टी कार्यालय में उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर-5 के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनका घर टीएमसी कार्यालय के पास ही स्थित था। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने पार्टी के कुछ गलत कामों का विरोध न कर पाने और भ्रष्टाचार से खुद को दूर रखने की बात लिखी है।

सुसाइड नोट में आशीष बनर्जी ने रेत के टेंडर समेत कई मामलों का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में किसी काम के बदले एक पैसा नहीं लिया। साथ ही TRDA (तारापीठ-रामपुरहाट डेवलपमेंट अथॉरिटी) के टेंडर, प्लान पास करने, NOC और चेक से जुड़े मामलों में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।

उन्होंने यह भी लिखा कि वह पार्टी के सभी गलत कामों को हमेशा स्वीकार नहीं कर पाते थे, लेकिन उनका विरोध भी नहीं कर सके।

आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस :
बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह आत्महत्या है या हत्या, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चलेगा। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में सभी लोग खराब नहीं हैं और शायद कुछ अच्छे लोग अब भी मौजूद हैं, जो अपनी बात नहीं रख सके और विरोध नहीं कर पाए।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles