सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : आज दिनांक 27.09.2026 को उप प्रभागीय वनाधिकारी, कालागढ़ बिंदर पाल के नेतृत्व में कालागढ़ उप प्रभाग के ढेला रेंज, झिरना रेंज एवं कालागढ़ रेंज एसओजी यूनिट, कार्बेट टाइगर रिजर्व तथा अमानगढ टाइगर रिजर्व, तराई पश्चिमी वन प्रभाग, रामनगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा पर मानसून सत्र के मद्देनजर वन एवं वन्यजीव सुरक्षा हेतु संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।

बिन्दर पाल द्वारा समस्त स्टाफ की ब्रीफिंग की गयी, जिसमें संयुक्त फ्लैग मार्च के उद्देश्य एवं रूट प्लान की जानकारी दी गयी। उनके द्वारा बताया गया कि मानसून काल में वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से सम्बन्धित कार्य और अधिक चुनौती पूर्ण हो जाते हैं। वर्षाकाल होने के कारण गश्ती मार्ग / बटिया, वन क्षेत्रों में मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाते हैं तथा घनी झाड़ियाँ हो जाना, नदी-नाले उफान पर होने के चलते वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा का कार्य बेहद चुनौती पूर्ण हो जाता है। अतः मानूसन काल में कार्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से संयुक्त विशेष गश्त / फ्लैग मार्च का आयोजन शांति पूर्ण तरीके से किया जाता है। इस दौरान वन क्षेत्रों के समीप आबादी क्षेत्र में जन सम्पर्क कर ग्रामीणों एवं जन प्रतिनिधियों को भी जागरूक किया जाता है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में चैकिंग अभियान भी चलाया जाता है।
फ्लैग मार्च का शुभारंभ वन विश्राम भवन, कालागढ रेंज से किया गया। कालागढ़ रेंजार्न्तगत फ्लैग मार्च कालागढ़ से यूपी सीमा होते हुए मीरापुर, कल्लूवाला, केहरीपुर, बादीगढ़, रायपुर बैरियर, नगीना, धरमपुर, होते हुए स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से जनसंपर्क स्थापित करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को उपलब्ध कराने हेतु जागरूक किया गया। इसके पश्चात जसपुर, कुन्डा चौराहा, गढ़ीनेगी, मालधन होते हुए हाथीडगर चौकी, सेमलखलिया, सावल्दे, बबलिया बैरियर बाद ढेला वन विश्राम पहुंचे।

तत्पश्चात फ्लैग मार्च का गश्ती दल ढेला वन विश्राम भवन पहुँचा, जहाँ बिंदर पाल द्वारा फ्लैग मार्च की डी-ब्रीफिंग की गई। इस दौरान फ्लैग मार्च की समीक्षा करते हुए सभी कार्मिकों को वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध शिकार एवं अवैध कटान की रोकथाम, आपसी समन्वय तथा सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर ललित जोशी, वन क्षेत्राधिकारी, ढेला, अभय जोशी, वन क्षेत्राधिकारी, झिरना एवं नन्द किशोर रूवाली, वन क्षेत्राधिकारी कालागढ, संजय पाण्डे, वन क्षेत्राधिकारी सुरक्षा ईकाई, ओम प्रकाश जोशी उपराजिक, फूल सिंह, वन दरोगा, रवि, वन दरोगा, अमानगढ़ टाइगर रिजर्व एवं महेश जोशी, वन दरोगा, संतोष डांगी, वन दरोगा, सिद्धार्थ रावत, वन दरोगा, मानसी अरोरा वन दरोगा, सुरजीत प्रसाद, विवेक कुमार, रितेश कड़वाल, वन आरक्षी आदि स्टाफ मौजूद रहे।



