रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हुई फायरिंग व तोड़फोड़ की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने 3 युवकों को अवैध असलहों व कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा जनपद में अपराध एवं अवैध शस्त्रों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी रुद्रपुर / क्षेत्राधिकारी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक थाना ट्रांजिट कैम्प के नेतृत्व में थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस टीम ने क्षेत्रान्तर्गत दिनांक 24.09.2026 की रात्रि को शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड में हुई फायरिंग एवं वाहनों में तोड़फोड़ की घटना के संबंध में दिनांक 25.9.2026 को धारा 324(2), 351(2), 352 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच एसएसआई मुकेश मिश्रा के सुपुर्द की गयी।
उक्त फायरिंग करने वालों की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ट्रांजिट कैम्प धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया पुलिस टीम द्वारा मुखबिर मामूर किये गये तथा पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु रवाना होकर सुरागरसी पतारसी कर मुखबिर की सूचना पर शिवनगर तिराहे पर पहुंचे तो मुखिबर खास ने सूचना दी कि दिनांक 24-25.09.2026 की रात्रि में फायरिंग की घटना करने वाले जिन तीन लड़कों को आप तलाश कर रहे हैं वे लड़के एफसीआई गोदाम के सामने, किच्छा रोड पर खाली चाय के खोखे के नीचे खड़े हैं।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची एवं त्वरित कार्यवाही कर बिना भागने का मौके दिये 3 अभियुक्तों को पकड़ लिया। पकड़े गये तीनों लड़कों ने अपने नाम नाम नन्दू (26 वर्ष) पुत्र सालिक राम, निवासी ग्राम नई बस्ती, खानपुर, पोस्ट कौशलगंज, तहसील बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश, सोहेल (21 वर्ष) पुत्र मौ. उमर, निवासी ग्राम सिरौली कलां, थाना पुलभट्टा, किच्छा, हाल निवासी आजाद नगर, श्मशान भूमि रोड, ईंटों के फड़ के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर तथा सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली (18 वर्ष) पुत्र हरीश चन्द्र अधिकारी, निवासी भदईपुरा, बंगाली मंदिर के पास, थाना ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर बताया।
अभियुक्त नन्दू के कब्जे से एक अवैध पिस्टल 0.32 बोर, 2 जिन्दा कारतूस, अभियुक्त सुमित बंगाली एवं सोहेल के कब्जे से एक-एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर व एक-एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि दिनांक 24-09-2026 की रात्रि को हमारे दोस्त साजेब उर्फ अरमान अपनी फ्रेन्ड से मिलने शिव एन्क्लेव कॉलोनी मे गया था। जिसे कॉलोनी वालो ने देख लिया था और कॉलोनी वालो ने उसको घेर लिया। इसके बाद हम लोगों को हमारे दोस्त समीर मलिक का फोन आया कि तुम लोग कॉलोनी में चले जाओ वहां दोस्त साजेब उर्फ अरमान फंसा है। तो हम पांचो ही वहा चले गये, तो साजेब वहां से पहले ही भाग गया था। उसकी कार वहीं छूट गयी थी। तो समीर मलिक ने और साजेब उर्फ अरमान ने कहा कैसे भी हो कार लेकर आ जाओ तो हम पाचों लोग शिव इन्क्लेव कॉलोनी गये तो कॉलोनी में काफी भीड़ भाड़ थी तो हम लोगों ने समीर मलिक व साजेव उर्फ अरमान से कहा कि यहां काफी भीड़ भाड़ है।
समीर मलिक और अरमान उर्फ साजेब ने कहा कि जैसे भी हो गाड़ी ले आओ। बाकी हम देख लेगें, आप लोगो को डरने की जरूरत नहीं है तो हम लोगों ने कालोनी मे घुसते ही हवाई फायरिंग कर दी, जिससे लोग अपने घरों में भाग गये और हम सावेज की गाड़ी लेने गये तो गाड़ी के टायरो के नट खुले हुए थे, इसलिए गाड़ी नहीं ले जा पाये तो हमने गुस्से में वहा खड़ी दो गाड़ियों को तलवार मारकर क्षतिग्रस्त कर फायरिंग करते हुए भाग गये।
पुलिस टीम में एसएसआई मुकेश मिश्रा, एसआई प्रकाश चन्द्र, जितेन्द्र खत्री, एएसआई चन्द्र प्रकाश बवाड़ी, हे.कां. अनिल कुमार तथा हिमांशु आर्य शामिल थे।



