नरेश खुराना
काशीपुर (महानाद) : लाइब्रेरी से पढ़कर अपने घर जा रहे युवक पर दो युवकों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
ढकिया गुलाबो, काशीपुर निवासी अभिषेक कुमार ने टांडा पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि आज दिनांक 29 सितंबर 2026 की शाम को 6ः30 बजे वह लाइब्रेरी से पढ़कर अपने घर ढकिया गुलाबो जा रहा था, तभी शर्मा किराना सटोर के सामने, छीना फार्म के पास दो अज्ञात युवकों ने उसे पीछे से आकर पकड़ लिया और उसे जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया।
अभिषेक ने बताया कि दोनों युवकों ने अपने मुंह को कपड़े से ढक रखा था। इसलिए वह उन्हें पहचान नहीं सका, उन्होंने उसे इतना मारा कि वह बेहोश होकर वहीं पर गिर गया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो दोनों युवक मौका पाकर वहां से फरार हो गए।
घायल अभिषेक कुमार को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देचखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया गया।
वहीं, पुलिस युवकों की तलाश में जुट गई है।



