विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर 210 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर 6000 लीटर लहन नष्ट कर शराब की भट्टी को ध्वस्त कर दिया। वहीं एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया।

आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं अपराधों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत गठित कोतवाली काशीपुर टीमों द्वारा अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम द्वारा दोनों मामलों में कुल 210 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 6000 लीटर लहन नष्ट किया गया तथा जलती हुई भट्टियों को ध्वस्त किया गया।
प्रथम कार्रवाई: भट्टी ध्वस्त, 100 लीटर कच्ची शराब बरामद, आरोपी फरार
अवैध शराब की रोकथाम हेतु गठित टीम द्वारा पुख्ता सूचना के आधार पर रम्पुरा में छापेमारी की गई। भट्टी संचालक खेतों का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम रम्पुरा, काशीपुर के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर जलती हुई भट्टी को ध्वस्त किया गया तथा करीब 100 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण कब्जे में लिए गये। इस दौरान करीब 3000 लीटर लहन मौके पर नष्ट किया गया।
द्वितीय कार्रवाई : एक अभियुक्त मौके से गिरफ्तार, 110 लीटर कच्ची शराब बरामद, 3000 लीटर लहन नष्ट
इसी अभियान के अंतर्गत काशीपुर पुलिस टीम द्वारा चौकी कुंडेश्वरी क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए भट्टी से शराब तैयार कर रहे अभियुक्त लखविंदर उर्फ निक्का पुत्र करतार सिंह, निवासी जगतपुर, कुण्डेश्वरी, काशीपुर को मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम ने मौके से करीब 100 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। इसके अतिरिक्त अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 3000 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रथम मामले में फरार आरोपी सुरेन्द्र सिंह के विरुद्ध कोतवाली काशीपुर में धारा 60(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों मामलों में बरामद शराब एवं उपकरणों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
काशीपुर पुलिस का सख्त संदेश :
अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध काशीपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अवैध कच्ची शराब का निर्माण, भंडारण एवं बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।



