रुद्रपुर (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘अपराध मुक्त देवभूमि’ के संकल्प को साकार कर रहे एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगरेप के 3 आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचे एवं जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

आपको बता दें कि कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्रांतर्गत घटित गैंगरेप की गंभीर घटना के दृष्टिगत एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों को सख्त निर्देश दिए गए थे। एसएसपी गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश, सुरागरसी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
उक्त क्रम में दिनांक 27 जुलाई 2026 की देर रात्रि को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस द्वारा चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा उनका पीछा कर घेराबंदी किए जाने पर अभियुक्तों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा एवं वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह के पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस टीम द्वारा गैंगरेप प्रकरण में वांछित तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे एवं जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1. गुरबाज उर्फ मानु (23 वर्ष) पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ती, गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर। (उपचाराधीन)
2. जोगा सिंह (24 वर्ष) पुत्र रंजीत सिंह, निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश)।
3. रविंदर (19 वर्ष) पुत्र फुम्मन सिंह, निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश)।



