बहू के परिवारवाले बेटे को मुर्गा बनाकर करते हें पिटाई, मां ने एसएसपी से की इच्छा मृत्यु की मांग

0
1506

ग्वालियर (महानाद) : एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू और उसके परिजनों से परेशान होकर एसएसपी से इच्छा मृत्यु की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसकी बहू और उसके पिता व भाई उनके घर पर आकर उन्हें कुर्सी से बांधकर उनके बेटे को पीट-पीटकर मुर्गा बनाते हैं। एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दे दिये हैं।

गोला का मंदिर क्षेत्र में रहने वाली सुनीता कुशवाहा (60 वर्ष) की उसके बेटे की शादी के बाद से ही उसकी बहू और उसके परिवार वाले आये दिन उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने बताया कि पिछले 4 महीने से वह अपने घर नहीं जा पा रही है। उनकी बहू ने उन पर हत्या की कोशिश का झूठा मुकदमा दर्ज करवा रखा है।

Advertisement

महिला ने बताया कि उनके बेटे की शादी मैरिज गार्डन के संचालक रामकुमार की बेटी से हुई है। खुद को समाजसेवी बताने वाले रामकुमार सिंह और उनके साथी अशोक सिंह महिला के परिवार को परेशान कर रहे हैं। पहले उनकी बहू ने उन पर दहेज प्रताड़ना का केस कर दिया उसके बाद उन पर बहू पर फायरिंग करने का केस दर्ज करा दिया।

सुनीता कुशवाहा ने आरोप लगाया कि विगत 15 अप्रैल 2022 को उनके समधी रामकुमार और उसके साथियों ने उनके बेटे को मुर्गा बनाकर जमकर पिटाई की। उनकी बहू और उसके परिजनों ने उन्हें कुर्सी से बांध दिया। वहीं थाना पुलिस उनकी बात सुनने के बजाय बहू और उसके परिवार का साथ दे रही है। बहू के परिवार वाले अपने रसूख का इस्तेमाल कर उनका पूरा मकान हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। सुनीता कुशवाह ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि या तो उनकी बहू और उसके परिवार वालों के ऊपर सख्त कार्रवाई करें अन्यथा उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दे दें।

मामले में जानकारी देते हुए एएसपी मृगाखी डेका ने बताया है कि एक बुजुर्ग महिला ने उनसे शिकायत कर बताया है कि उनकी बहू और उसके मायके वाले उनकी प्रोपर्टी को जबरदस्ती अपने नाम करने के लिए उनके व उनके बेटे के साथ मारपीट करते हैं। उन्होंने कई बार इसकी शिकायत गोला का मंदिर थाने में की है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। महिला की शिकायत पर मामले की जांच सीएसपी को सौंप दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आागे की कार्रवाई की जाएगी।