रुद्रपुर (महानाद) : एक युवक ने पति-पत्नी पर उसे वासना के जाल में फंसाकर, उसकी अश्लील वीडियो बना कर ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मॉडल कालोनी, रुद्रपुर निवासी एक युवक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि लगभग 15 दिन पहले उसके मिलने वाले सूरज उर्फ राहुल व उसकी पत्नी ने बहाने उसे कालीनगर स्थित अपने घर बुलाया, जहाँ उक्त लोगों ने उसे एक अज्ञात लड़की से मिलवाया और कहा कि यह तुमसे दोस्ती करना चाहती है। जिसके बाद सूरज उर्फ राहुल व उसकी पत्नी ने उसे उस लड़की के साथ एक कमरे में अकेला छोड़ दिया। जहाँ उस लड़की ने अपनी रजामन्दी से उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाये।
युवक ने बताया कि सूरज उर्फ राहुल व उसकी व पत्नी ने पहले से ही कमरे में फोन का कैमरा ऑन करके रख रखा था। जिससे उसने उस युवती के साथ उसके संबंध बनाने की वीडियो बना ली। अब सूरज व उसकी पत्नी उसे एक अज्ञात व्यक्ति से फोन करके ब्लैकमेल कराकर 5 लाख रुपये की मांग करवा रहे हैं। वह धमकी दे रहा है कि हम तुम्हारी वीडियो व फोटो इन्टरनेट पर वायल कर देंगे।
युवक ने बताया कि जब उसने सूरज व उसकी पत्नी से कहा तो उन्होंने साफ इन्कार कर दिया कि हम किसी से फोन नहीं करवा रहे हैं। उसके बाद उसने उक्त लड़की का फोन नम्बर एवं पता मांगा, जिसको देने से उन्होंने मना कर दिया। जब उसने पुलिस की धमकी दी तो उन्होंने एक नम्बर दिया, जोकि उठ नहीं रहा है।
युवक ने कहा कि सूरज उर्फ राहुल एवं उसकी पत्नी की मिली भगत से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। जिसकी वजह से वह मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने युवक की तहरीर के आधार पर सूरज व उसकी पत्नी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई होशियार सिंह के हवाले की है।



