जसपुर (महानाद) : वारंटी को पकड़ने भोगपुर डाम गई पुलिस टीम पर वारंटी व उसके परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ बीएनएस की 12 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
आपको बता दें कि एसआई गोविन्द सिंह मेहता कां. सुभाष डुंगरियाल के साथ धारा 60 आबकारी एक्ट के आरोपी सुखविन्दर सिंह पुत्र बिशन सिंह निवासी भोगपुर डाम नं.-2, जसपुर के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारण्ट जारी होने के बाद उसके घर पर दबिश देने गये थे।
एसआई मेहता ने बताया कि सुखविन्दर सिंह अपने घर के आँगन में खड़ा था, जिस पर उन्होंने उसे पकड़ लिया। इतने में सुखविन्दर सिंह ने जोर -जोर से चिल्लाकर अपनी माँ शिलो कौर, पत्नी मंजीत कौर, भाई मंगत सिंह, चचेरे भाई संदीप सिंह तथा राजू सिंह पुत्र स्व. बन्ता सिंह, जगपाल सिंह उर्फ जस्सा पुत्र जीत सिंह आदि को बुला लिया। इन सभी ने सुखविन्दर सिंह को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों का घेर लिया उनमें से किसी के हाथ में डन्डे व किसी के हाथ मे पाटल थी और वे पुलिसकर्मियों के साथ गाली-दृगलौच कर चीखते हुए सुखविन्दर सिंह को छोड़ने के लिए कहने लगे।
जब एसआई मेहता ने उन सभी को कोर्ट द्वारा जारी वारण्ट दिखाया तो शिलो कौर ने अचानक से उनके हाथ से वारण्ट छीनने की कोशिश की, जिससे वारण्ट का कुछ हिस्सा फट गया और वे सभी सुखविन्दर को छुडाने के लिए पुलिसकर्मियों पर हमलावर हो गये। वे किसी तरह गिरफ्तारशुदा वारण्टी सुखविन्दर सिंह को लाने लगे तो उक्त सभी लोगों ने उन पर लाठी दृडन्डों से हमला कर उनके साथ मारपीट की तथा संदीप सिंह ने पाटल से उनके ऊपर जानलेवा वार कर दिया जिसे उन्होंने और कां. सुभाष डुंगरियाल ने किसी तरह खुद को बचाया। यदि वे पाटल के जानलेवा हमले से खुद को नहीं बचाते तो उपरोक्त लोग उन्हें जान से मार देते। इसी जानलेवा हमले के दौरान इनके द्वारा वारण्टी सुखविन्दर सिंह को उनकी गिरफ्त से छुड़ा कर भगा दिया।
एसआई मेहता ने बताया कि उक्त लागों द्वारा उन पर किये गये जानलेवा हमले से उनके दाहिने कँधे व दाहिने हाथ की कोहनी में काफी चोट आई है। इसी हमले के दौरान शिलो कौर ने उनकी शर्ट के फ्लैप पर लगे स्टार व बैच को फ्लैप सहित पकडकर खींचकर वर्दी से फाडकर उखाड़ दिया और मंजीत कौर ने कां. सुभाष डुंगरियाल के दाहिने कन्धे पर शर्ट के फ्लैप पर लगे बैच को फ्लैप सहित पकड़कर खींचकर फाड़ दिया। दोनों पुलिसकर्मी बमुश्किल सुखविन्दर के घर से जान बचाकर भागने लगे तो उक्त सभी लोग उनके पीछे जोर-जोर से यह कहते हुए आने लगे इन पुलिस वालों ने रोज-रोज हमारी शराब पकड़कर हमें दुखी कर रखा है, आज इनको जान से मार देते हैं, जिससे कभी कोई भी पुलिस वाला हमारे गाँव में आने की हिम्मत ना कर सके।
पुलिस ने सुखविन्दर सिंह, शिलो कौर, मंजीत कौर, मंगत सिंह, संदीप सिंह, राजू सिंह तथा जगपाल सिंह उर्फ जस्सा के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 121, 127(2), 132, 190, 191(2), 191(3), 221, 3(5), 324(4), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।



