सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : फौजी कॉलोनी के निकट कोसी नदी में नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्रवासियों में रोष फैल गया।
आपको बता दें कि रामनगर के फौजी कॉलोनी, ग्राम पूछड़ी में कुछ लोगों ने एक नवजात शिशु को कपड़े में लिपटा पड़े देखा, जिसके चलते आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया तथा मौके पर उसे देखने के लिए काफी भीड़ उमड़ पड़ी। मामले की सूचना मिलने पर वरिष्ठ उप निरीक्षक मौहम्मद यूनुस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा नवजात शिशु को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मौहम्मद यूनुस ने बताया कि कुछ लोगों ने फौजी कॉलोनी, ग्राम पूछड़ी के निकट कोसी नदी के किनारे सफेद कपड़े में नवजात शिशु को पड़े देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के चिकित्सालयों एवं नर्सिंग होम से जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि यह जानकारी मिल सके कि शिशु को किसने नदी में डाला, किस समय डाला तथा शिशु जिंदा था या उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर क्षेत्रवासियों में मामले को लेकर आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की जिनके द्वारा यह जघन्य अपराध किया गया है। लोगों का कहना है कि उस कलियुगी मां को ढूंढकर सजा दी जाये जिसने अपने बच्चे को पैदा होते ही छोड़ दिया। यदि किसी और ने एक बच्चे को उसकी मां से दूर किया ळै तो उसे सजा दी जाये।



