पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : कल मंगलवार 12 अगस्त को श्री अग्रवाल सभा भवन जसपुर से भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा का श्री गणेश किया जाएगा।
श्री हरि नाम संकीर्तन प्रचार सेवा समिति, जसपुर से अतुल बंसल, हरीश ग्रोवर टोनी, निकेश अग्रवाल, सुंदरलाल अरोड़ा, प्रदीप गोयल ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा अग्रवाल सभा भवन जसपुर से मंगलवार को दोपहर लगभग 3ः30 बजे प्रारंभ होगी तथा शाम 7ः00 बजे नगर के मुख्य मार्गों ठाकुर मंदिर, चौक बाजार, सब्जी मंडी, गणपति स्वीट्स, नाला, पीपीएनटी इंटर कॉलेज, कोतवाली रोड, गाँधी आश्रम से होते हुए श्री अग्रवाल सभा भवन जसपुर में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व अग्रवाल सभा भवन, जसपुर में दोपहर 2ः00 बजे संकीर्तन एवं छप्पन भोग कार्यक्रम तत्पश्चात 3ः00 बजे रथ यात्रा हेतु पूजा आरती का कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा।
भक्त हरीश ग्रोवर टोनी ने बताया कि रथ यात्रा महोत्सव के बाद श्री अग्रवाल सभा भवन में शाम 7ः30 बजे प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जसपुर नगर एवं क्षेत्र के समस्त भक्तजनों से भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
श्री हरि नाम संकीर्तन प्रचार सेवा समिति के अतुल बंसल (सीड्स) ने बताया कि समिति के स्व. श्री हरीश प्रभु जी की प्रेरणा से भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भगवान श्री कृष्णा अपने अत्यधिक दयालु रूप श्री जगन्नाथ जी, अपने बड़े भाई बलराम जी (श्री बलदेव जी) एवं अपनी बहन सुभद्रा जी के साथ आपको दर्शन देने अपने रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकल रहे हैं।
श्री धर्मशाला मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक निकेश अग्रवाल ने बताया कि समस्त नगर एवं क्षेत्रवासी रथ यात्रा में सम्मिलित होकर विभिन्न नगरों से आए भक्तों के संग श्री भगवान जी का गुणगान करें, भगवान को प्रणाम करें तथा अपने हाथों से रथ का रस्सा खींचे एवं पुष्प वर्षा के साथ श्री भगवान जी का स्वागत करें, परिवार एवं ईष्ट मित्रों के साथ आशीर्वाद प्राप्त करें।
जयपुर के प्रसिद्ध आचार्य पंडित नंदिनी प्रसाद दूबे ने बताया कि ब्रह्मांड पुराण के अनुसार जो व्यक्ति भगवान श्री जगन्नाथ जी के रथ यात्रा उत्सव को देखता है अथवा उनके रथ को खींचता है उसके जन्मों जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं और वह भगवत धाम का अधिकारी हो जाता है।
संयोजक प्रदीप गोयल ने स्थानीय पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, मीडिया कर्मी एवं अन्य सहयोगियों, दानदाताओं, व्यापारियों से कार्यक्रम में भाग लेकर सहयोग की अपील की है।



