विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने एक व्यक्ति पर उससे रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
महेशपुरा, काशीपुर निवासी नरेश कुमार पुत्र स्व. रमेश ने न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में प्रज्ञर्थना पत्र देकर बताया कि वह नगर निगम काशीपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है तथा वर्तमान में वार्ड नं. 9, खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर में सफाई कार्य करता है ।
उसने बताया कि अंकित पुत्र राजेन्द्र, निवासी जसपुर खुर्द, कचहरी के पास, काशीपुर जो कि पूर्व से ही उससे रंजिश रखता है तथा आये दिन उसे काम के दौरान तंग व परेशान करता है, जबकि अंकित वार्ड नं. 9 में अवैध रूप से ड्यूटी करता है, क्योंकि कोई लिखित आदेश इसके सफाई नायक का नहीं है, केवल सफाई कर्मचारियों को धमकाना, और सूचना अधिकार लगाकर उन्हें दबाव में लेकर धन उगाही करना और ना देने पर मारपीट करना ही इसका काम है।
नरेश ने बताया कि 15 दिन पूर्व भी ब्रिजेश नाम के व्यक्ति को बहुत बुरी तरह मारा था और इसकी रंगदारी से परेशान होकर ब्रिजेश ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उक्त अंकित उसके साथ गाली गलौज कर अपशब्दों का प्रयोग करता है और कहता है कि कहीं भी ड्यूटी करनी हो तो पहले मुझे रंगदारी देनी होगी, वरना कहीं भी ड्यूटी करने नहीं दूंगा।
नरेश ने बताया कि दिनांक 11.08.2025 को सुबह के लगभग 6ः30 जब वह अपने काम पर वार्ड नं. 9, खड़कपुर देवीपुरा गया था तो अंकित उसके साथ गाली गलौज करते हुये बोला कि तू आज फिर काम पर आ गया, मैने तुझसे कहा था कि जब तक तू मुझे 20,000 रुपये की रंगदारी नहीं देगा, तब तक तू काम पर मत आना, तूने अभी तक मुझे 20,000 रुपये की रंगदारी नहीं दी है और तू काम पर आ गया है । जब उसने कहा कि मैं तुम्हें कोई भी रंगदारी नहीं दूंगा, तो वह उसके साथ गन्दी-गन्दी गाली गलौज करते हुये उसके साथ सरिये से मारपीट करने लगा, जिससे उसके काफी चोटें आयी हैं और उसका इलाज राजकीय चिकित्सालय काशीपुर में चल रहा है।
उसने अंकित के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर अंकित के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हरविन्दर कुमार के हवाले की है।



