ऋषिकेश ब्रेकिंग : नये वाहन का ट्रायल कर रहे वन अधिकारियों का एक्सीडेंट, दो रेंजरों सहित चार की मौत, एक महिला गायब

0
821

ऋषिकेश (महानाद) : राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की चीला रेज में कल (सोमवार) शाम को चीला रोड पर वन अधिकारियों के इंटरसेप्टर वाहन का एक्सीडेंट होने से दो रेंजरों सहित 4 की मौत हो गई। एक महिला अधिकारी चीला नहर में गिरकर लापता हो गई। जबकि वाहन में सवार अन्य 5 लोग घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपको बता दें कि सोमवार शाम लगभग 5 पांच बजे पार्क के चीला रेंज में एक इलेक्ट्रिक इंटरसेप्टर वाहन का ट्रायल किया जा रहा था जो पार्क प्रशासन को पेट्रोलिंग व जानवरों के रेस्क्यू के लिए मिला था। ट्रायल के दौरान वाहन में वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी, वन क्षेत्राधिकारी शैलेश घिल्डियाल, उपवन क्षेत्राधिकारी प्रमोद ध्यानी, चिकित्सक राकेश नौटियाल के अलावा कुलराज सिंह, हिमांशु गोसाई, सैफ अली खान, अंकुश, अमित सेमवाल व अश्विन बीजू सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन चीला से ऋषिकेश की ओर आ रहा था कि चीला विद्युत गृह से कुछ आगे अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया और फिर चीला शक्ति नहर के पैराफिट से जा टकराया। पेड़ से टकराने के दौरान कुछ लोग छिटक कर खाई में जा गिरे। वहीं वाहन में सवार वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी शक्ति नहर में जा गिरी।

Advertisement

वाहन के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व पार्क प्रशासन को दी। साथ ही उनकारेस्क्यू भी शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग के कर्मचारियों ने घायलों को खाई से निकाल कर इलाजर के लिए एम्स पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी), प्रमोद ध्यानी (डिप्टी रेंजर), सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान, कुलराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक), राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क, अंकुश, अमित सेमवाल (चालक), अश्विन बीजू (24 वर्ष) (चालक) शामिल हैं। वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी लापता चल रही हैं। जिनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ चीला शक्ति नहर में सर्च अभियान चला रही है। कुलराज सिंह व अंकुश वाहन बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी हैं जो वाहन का ट्रायल करा रहे थे।

बता दें कि उक्त इलेक्ट्रिक वाहन वन विभाग को कल ही मिला था। वाहन बैंगलूरू की एक कंपनी का था तथा वाहन अभी पंजीकृत नहीं था। वाहन में कितने लोग बैठ सकते हैं, यह स्पष्ट नहीं है। वाहन में बैठे लोगों की संख्या पर भी संशय बना हुआ है। विभाग के अनुसार वाहन में 10 लोग सवार थे। जिनमें 4 की मौत हो चुकी है। पांच घायल हैं तथा एक अधिकारी लापता चल रही हैं। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने एक महिला व एक पुरुष को नहर में बहते देखा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चीला रेंज में हुई वाहन दुर्घटना में वन विभाग के कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वाहन दुर्घटना में मारे गए कार्मिकों की आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

विदित हो कि राजाजी टाइगर रिजर्व में वाहन दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से चीला शक्ति नहर को बंद करा दिया गया है। चीला शक्ति नहर में राजाजी टाइगर रिजर्व की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी के गिरने के बाद एसडीआरएफ की ओर से शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 7.45 बजे प्रशासन की ओर से शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है। पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से बताया गया कि शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है, अग्रिम आदेशों तक नहर बंद रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here