नैनीताल (महानाद) : एसएसपी मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने महिला पर्यटक से दुष्कर्म की कोशिश एवं गलत नीयत से रास्ता बदलकर लूट व मारपीट करने वाले टैक्सी ड्राइवर को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दिनांक 05.03.2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। हल्द्वानी से वह ऑटो द्वारा काठगोदाम आई और वहाँ से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी हायर की और रात को काठगोदाम से नैनीताल के लिए प्रस्थान किया।
रात्रि लगभग 1ः30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाद्धांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर महिला के साथ बदतमीजी, मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किया तथा उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। दिनांक 06.03.2026 को प्रातः स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया तथा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई तथा पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उसउसपी द्वारा एसपी सिटी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या यूके04टीबी 5500 वैगनआर एवं वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से जांच करते हुए चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया उसकी निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर घटना में प्रयुक्त वैगनआर को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त –
दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नन्दन सिंह बोरा निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, मुखानी, हल्द्वानी नैनीताल।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल, एसआई सतीश उपाध्याय, बबीता, एएसआई सुनील कुमार, कां. बृजमोहन तथा परमजीत सिंह शामिल थे।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। नैनीताल में पर्यटकों व आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, ऐसे अपराध करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
#nainital_news | Haldwani_news



