spot_img
spot_img
Saturday, February 21, 2026
spot_img

दुस्साहस : स्कॉर्पियो सवार युवकों ने दरोगा की गाड़ी को मारी टक्कर, उड़े परखच्चे

रुद्रपुर (महानाद) : स्कॉर्पियो सवार युवकों ने एक दरोगा की गाड़ी को टक्कर मारकर पलट दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। दरोगा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।

चौकी रम्पुरा, रुद्रपुर में तैनात दरोगा प्रियांशु जोशी पुत्र नारायण दत्त जोशी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दिनांक 6.9.2025 की रात्रि के लगभग 11 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर अपने निवास सामिया लेक सिटी की तरफ जा रहे थे। जब वह इन्द्रा चौक से थोड़ा आगे गोटिया मस्जिद से थोड़ा आगे पहुंचे तो देखा कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार संख्या एचआर 13 एन 1399 जो रोड में काफी लहराकर चल रही थी और उसमें 5-6 लड़के बैठे हुये थे, को टोकने के लिये कि सही तरह से वाहन चलाओ कि कोई दुर्घटना न हो जाये, उनके करीब पहुंचे तो देखा कि वे सभी लड़के गाड़ी में शराब पी रहे थे।

दरोगा प्रियांशु जोशी ने उक्त लड़कों को टोका कि चलती गाड़ी में ऐसा करना ठीक नहीं है, सही से गाड़ी चलाओ तो उक्त लड़के एकदम उग्र हो गये। वे सब मिलकर कहने लगे कि अरे जा तुझ जैसे ठुल्ले बहुत देखे हैं, हमें तुम लोगों की औकात पता है तथा ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति एवं बगल में बैठे व्यक्ति द्वारा उनकी तरफ गंदे तथा अश्लील इशारे किये गये। जिनकी हरकतों को देखकर वह आगे निकल गये और अपनी गाड़ी साईड में खड़ी कर थाने से पुलिस बल को सूचित करने का प्रयास किया तो ये लोग उनकी खिल्ली उड़ाते हुये उनकी गाड़ी से आगे निकल गये।

प्रियांशु जोशी ने बताया कि वह भी गाड़ी से सामिया लेक सिटी की तरफ चल दिये, उन्होंने गाड़ी ओवरटेक करते हुए सुना कि सभी लड़के चिल्ला कर कह रहे थे आज इस पुलिसवाले को कुचलकर ही जाना है। जैसे ही वह गाबा चौक के पास पहुंचे तो उक्त लड़कों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो से उनकी गाड़ी में पीछे से जानबूझकर बहुत बुरी तरह टक्कर मार दी जिससे उनकी कार 2-3 बार पलटी खाकर रोड के दूसरी तरफ जा गिरी और वह बेहोश हो गये। उसके बाद मौके पर क्या हुआ, उन्हें नहीं पता।

दरोगा जोशी ने बताया कि उसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में होश आया। गाड़ी के एयरबैग खुलने से उनकी जान बच पाई, वरना उक्त लोगों ने उन पर जिस तरह से हमला किया था, उनकी जान जा सकती थी, उक्त घटना में उनकी गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गये।

पुलिस ने अज्ञात स्कॉपिर्यो सवार युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज कर युवकों की तलाश शुरु कर दी है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles