सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : 85 साले के बुजुर्ग को डिजीटल अरेस्ट कर उनसे 68 लाख रुपए ठगने वाले साइबर ठग को उत्तराखंड एसटीएफ राजस्थान के बाड़मेर से गिरफ्तार कर लाई।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों ने 85 साल के वरिष्ठ नागरिक से व्हाट्सअप कॉल के माध्यम से सम्पर्क किया और स्वयं को सीबीआई ऑफिसर बताकर बुजुर्ग के आधार कार्ड का दुरुपयोग मनी लॉंड्रिंग के केस में होना बताकर बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर करीब 68 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी कर ली।
तहरीर के आधार पर एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ साइबर पुलिस स्टेशन देहरादून में धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच इंस्पेक्टर अनिल कुमार, साईबर क्राईम पुलिस स्टेशन, गढ़वाल परिक्षेत्र, देहरादून के सुपुर्द की गई।
जांच के दौरान पता चला कि ठगों यह धनराशि एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में ट्रांसफर करवाई, जिसका खाताधारक भभूताराम पुत्र किशनाराम निवासी चौहटन आगोर, जिला बाड़मेर, राजस्थान है। खाताधारक की तलाश में एक पुलिस टीम बाड़मेर, राजस्थान भेजी गई, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से खाताधारक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में इंस्पेक्टर अनिल कुमार, एएसआई सुरेश कुमार व पवन कुमार शामिल थे।
cyber_thagi_news | STF_news



