spot_img
spot_img
Sunday, June 28, 2026
spot_img

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे विजयेंद्र येदियुरप्पा बने भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष

शिवाली अग्रवाल
बेंगलूरु (महानाद) : भाजपा आलाकमान ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा के छोटे बेटे और पहली बार विधायक चुने गये बीवाई विजयेंद्र को कर्नाटक भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे 2020 से भाजपा के प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष थे। उन्हें निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नलिन कुमार कटील के बदले कर्नाटक भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

आपको बता दें कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में जनता दल-एस के साथ गठबंधन किया है। इसके बाद से माना जा रहा था कि भाजपा लिंगायत समुदाय से आने वाले नेता को ही प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपेगी। राजनीतिक तौर पर प्रभावी माने जाने वाले वोक्कालिगा समुदाय में जद-एस और लिंगायत समुदाय पर भाजपा की पकड़ मानी जाती है। अब विजयेंद्र की नियुक्ति से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की नाराजगी दूर करने के साथ ही लिंगायत समुदाय को साधने की भी कोशिश की है।

47 साल के विजयेंद्र शिवमोग्गा जिले के शिकारीपुर सीट से विधायक हैं। इस क्षेत्र से उनके पिता येदियुरप्पा और बड़े भाई बीवाई राघवेंद्र भी विधायक रह चुके हैं। राघवेंद्र अब शिवमोग्गा सीट से सांसद हैं। विजयेंद्र ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सदस्य के तौर पर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बनने से पहले वे भाजयुमो के प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles