spot_img
spot_img
Saturday, September 12, 2026
spot_img

रामनगर के रिसोर्ट में दूर-दूर से ऐश करने पहुंचे 51 लोग गिरफ्तार

सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : रामनगर के रिसोर्ट में दूर-दूर से ऐश करने पहुंचे लोगों के रंग में तब भंग पड़ गया जब एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने रिसोर्ट में छापा मार दिया। पुलिस ने हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 1 नाबालिग को संरक्षण में लेकर अन्य 51 लोगों को गिरफ्तार कर एक नाबालिग किशोरी सहित 10 युवतियों को मुक्त करवाकर रिसोर्ट को सील कर दिया।

आपको बता दें कि एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशानुसार जनपद में असामाजिक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में दिनांक 4 जुलाई 2026 को जनपद की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी एवं थाना रामनगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्यवाही करते हुए रामनगर स्थित एक बड़े रिसोर्ट में छापेमारी की गई।

मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान रिसोर्ट में बाहरी राज्यों एवं विदेश से लाई गई 10 महिलाओं (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को पाया गया। मौके पर 52 व्यक्ति महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब एवं नशे की पार्टी, महिलाओं से अश्लील नृत्य करवाने, उन पर नोट उड़ाने तथा अश्लील हरकतें करते हुए पाए गए।

पुलिस टीम द्वारा सभी 51 आरोपियों को गिरफ्तार एवं 1 विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लेकर उनके विरुद्ध कोतवाली रामनगर में धारा 143 बीएनएस, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/5/6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पूछताछ के दौरान मेरठ निवासी मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार ने बताया कि वह एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है तथा अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के उद्देश्य से यह पार्टी आयोजित की गई थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि लगभग 10 दिन पूर्व उसने रिसोर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं तथा तथाकथित ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ की व्यवस्था कराने की मांग की थी। इसके बाद 4-5 जुलाई 2026 तक रिसोर्ट लगभग 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया। आरोपी सुनील कुमार के माध्यम से राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी द्वारा प्रति महिला 10,000 रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि रिसोर्ट के जनरल मैनेजर द्वारा होटल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि पार्टी में आए किसी भी व्यक्ति अथवा महिलाओं की आगंतुक रजिस्टर में कोई प्रविष्टि न की जाए, जिससे साक्ष्य छिपाए जा सकें।

उक्त तथ्यों के आधार पर रिसोर्ट परिसर का उपयोग अनैतिक देह व्यापार एवं अन्य अवैध गतिविधियों के लिए किए जाने तथा साक्ष्य छिपाने के प्रयास के कारण रिसोर्ट को सील कर दिया गया। रिसोर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार चल रहा है।

मौके से शराब की 03 पेटियां, बीयर की 01 पेटी, भारतीय मुद्रा के सदृश 10 रुपये मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए 10 रुपये मूल्य के नोटों का एक पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री , लैपटॉप मय चार्जर, मोबाइल फोन, जिनमें कार्यक्रम आयोजन एवं महिलाओं की फोटो/चैट संबंधी सामग्री प्राप्त हुई तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर एवं साउंड बॉक्स बरादम हुए।

पुलिस टीम में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, प्रभारी एएचटीयू एसआई सुनीता कुँवर, एसओजी प्रभारी एसआई मोहन सिंह सौन, एसआई दीपक बिष्ट, एएसआई प्रेम बल्लभ जोशी, हे.कां. त्रिलोक सिंह, नवीन पांडेय, कां. कुन्दन कठैत, अनीता फुलेरिया, भूपेन्द्र ज्येष्ठा, अशोक रावत, अरविन्द, भानू प्रताप सिंह तथा जसवीर शामिल थे।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा इस प्रभावी कार्यवाही के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के ईनाम से पुरस्कृत किया गया है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles