विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : वेन्दाता एवेन्यू रेसीडेन्ट्स वेलफेयर एसोशिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल ने पुलिस को तहरीर देकर गुंडों द्वारा सोसायटी में तोड़फोड़ करने, गार्ड के साथ मारपीट करने व फ्लैक्सी को फाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
टाटा मोटर्स के पीछे, रामनगर रोड, खरमासी, काशीपुर स्थित वेन्दाता ऐवेन्यू रेसीडेन्टस वेलफेयर एसोशिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यम अग्रवाल पुत्र स्व. अजय अग्रवाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2022 में उक्त सोसाइटी के प्रोमोटर्स द्वारा अराध्यम ग्रीन के नाम से रेजीडेन्ट्स प्रोजेक्ट स्थित ग्राम खमरासी टाटा मोटर्स के पीछे, रामनगर रोड, काशीपुर जिसमें 22 प्लॉट विभिन्न व्यक्तियों को विक्रय किये गये, उक्त सोसाइटी के प्लॉट मालिकों द्वारा सोसाइटी में सड़क, सुरक्षा, साफ सफाई इत्यादि के लिये सर्वसम्मति से एक रेसीडेन्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन की स्थापना की गई और उसे एसोसिएशन का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। जिसके बाद सोसायटी के बाहर गेट में वेदान्ता एवेन्यू रेसीडेन्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के साईन बोर्ड लगा दिये गये।
सत्यम अग्रवाल ने बताया कि दिनांक 28.7.2025 को पंकज अरोरा जिसके रिश्तेदार का प्लॉट भी उक्त सोसाइटी में है, दोपहर करीब 1.30 बजे 4 गुन्डे किस्म के लोग, तमन्चों एवं हथियारों सहित मौके पर आया और जीके सिक्योरिटी के गार्ड राजेन्दर की कनपटी पर तमन्चा लगा दिया और गाली गलौच कर मारपीट पर उतारू हो गये और उक्त घटना स्थल पर लगे सोसायटी के साईन बोर्ड को लाठी डन्डों से तोड़ दिया और जाते-जाते तमन्चा लहराते हुए जीके सिक्योरिटी के गार्ड राजेन्दर को धमकी देते हुए गये कि पुनः वेदान्ता एवेन्यू रेसीडेन्ट्स वेलफेयर एसोशिएशन का साईन बोर्ड लगाया गया तो बोर्ड लगाने वाले गार्ड को जान से मार देंगे और गार्ड को धमकी भरे लहजे से यह भी कहा कि वह पंकज अरोरा के लोग हैं, जिसमे एक व्यक्ति त्रिलोक सिंह फौजी द्वारा अपने मोबाइल से धमकी दी गई कि यदि पुनः सोसाइटी में आया तो वह उसे जान से मार देगा।
सत्यम अग्रवाल ने आरोपलगाया कि यह सब गुण्डागर्दी पंकज अरोरा के इशारे पर उसके कर्मचारियों द्वारा की गई है, उसके बाद वो लोग 30 तारीख को वापस आए और अपनी इच्छा से उन्होंने नया साइन बोर्ड लगवाया। उक्त धमकी के अनुरूप दिनांक 3.8.2025 की रात्रि लगभग 11.30 बजे पंकज अरोरा के कारिन्दे मनी और त्रिलोक सिंह फौजी सोसायटी के मन्दिर पर आये और वहां लगे वेदान्ता एवेन्यू की फ्लैक्सी को तहस नहस कर दिया तथा जीके सिक्योरिटी के मौके पर मौजूद गार्ड अविनाश के विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई कर मारपीट की और कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई और जाते जाते हवा मे तमंचा लहराते हुए धमकी देते हुए गए कि सोसायटी मे कोई भी कार्य पंकज अरोरा की अनुमति के बगैर नहीं होगा।
सत्यम अग्रवाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंकज अरोरा, त्रिलोक सिंह फौजी व मनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 351(2), 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच एसआई कंचन कुमार पडलिया के हवाले की है।



