पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : पुलिस ने इंटर कॉलेज में आयोजित जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा पढ़ाई में ध्यान लगाने, साइबर क्राइम एवं सड़क सुरक्षा के नियमों आदि से अवगत कराया।
पीएमश्री नेहरू राजकीय इंटर कॉलेज, महुआडाबरा में कोतवाली पुलिस द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम में नादेही पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई संतोष देवरानी ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा करना है तो किताबों का करो, मादक पदार्थों में क्या रखा है। किताबें जिंदगियां संवारती है और नशा जिंदगियां उजाड़ कर बर्बाद करता है।
उन्होंने कहा कि आप (विद्यार्थी) देश का भविष्य है इसलिए आपको मादक पदार्थों जैसे ड्रग्स, कोकीन और हीरोइन आदि के चंगुल में ना पड़े। इसके सेवन से स्वयं की जिंदगी के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों पर भी इसका प्रभाव पड़ता है। विद्यार्थियों को अपने भविष्य को संवारने के लिए किताबों से बेहतर कोई अन्य साथी नहीं है। उन्होंने यातायात के नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में रोड एक्सीडेंट में बिना हेल्मेट के अधिक घटनाएं घटित हो रही है। इतना ही नहीं पूरे भारत में प्रतिदिन लगभग सात सौ लोग रोड एक्सीडेंट में अपनी जान गंवा रहे हैं।
उन्होंने वर्तमान में हो रहे साइबर क्राइम के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि इस तकनीकी युग में बिना मोबाइल के विद्यार्थी अपना अध्यापन कार्य नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन इसकी अधिकता के कारण आए दिन साइबर क्राइम की घटनाएं बढ़ रही हैं, स्वयं के साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों को भी इसकी जानकारी होना अति आवश्यक है। इससे संबंधित कोई भी घटना घटित होने पर इन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजमोहन लाल ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए विद्यार्थियों से उनके द्वारा दिए गए सुझावों को अपनाकर उस पर अमल करने और दूसरों को भी इसके बारे में जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक राजेश चौधरी, योगेश पंत, महेंद्र सिंह, हरीश शर्मा, उपेंद्र सिंह, डॉक्टर तजम्मुल हसन, अरुण कुमार वर्मा, राजीव कुमार, अरुण कुमार, सोमपाल, नसीम जहां, रामकीर्ति, सुनीता, नाजिम कमर, सतेंद्र कुमार, नीतू सैनी, मोनिका, नूतन रानी, नफीस अहमद, जयवीर सिंह, राम सजीवन सहित सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद थे।



