बाजपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने एक यवुक पर उसकी पुत्री को होटल लेजाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और उसका अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बाजपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 8.9.2025 की दोपहर के लगभग 1 बजे उसकी पुत्री को ग्राम रामजीवनपुर निवासी बन्टी पुत्र जगदीश एक होटल में ले गया और उसकी पुत्री के साथ होटल में शारीरिक सम्बंध बनाकर उसकी अश्लील विडियो बना ली।
उसने बताया कि दिनांक 12.9.2025 की शाम 6 बजे बन्टी ने उसकी पुत्री पर फिर होटल में चलने का दबाव बनाया और धमकी दी की यदि उसने उसके साथ चलने से मना किया तो वह उसका वीडियो वायरल कर देगा। जब उसकी पुत्री ने बन्टी से होटल में जाने से मना कर दिया तब बन्टी ने उसकी पुत्री की वीडियो गाँव के कई लड़को के ग्रुप में उसे बदनाम करने के लिये वायरल कर दिया। जिस पर उसकी पुत्री ने घर आकर उसे बताया कि बन्टी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी है।
व्यक्ति ने बताया कि जब उसने बन्टी से पूछा कि तू मेरी लड़की का वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है तो बन्टी ने कहा कि मैंने तुम्हारी लड़की का वीडियो वायरल कर दिया है, तुमसे जो हो सकता है, कर लो और उसके साथ गाली गलौच करते हुये मारपीट करने लगा। शोर की आवाज सुनकर आस पास के लोगों ने बीच बचाव कराया, जाते-जाते बन्टी उसे जान से मारने की धमकी देते हुये कहकर गया कि तेरा वो हाल कर दूंगा कि तू कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगा। उसने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
व्यक्ति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई दीपक कौशिक के सुपुर्द की है।



